--विकास की बात-
मोगीनंद से डी-संस टेलर गली तक सड़क की दशा में हुआ सुधार
इस मार्ग से बस स्टैंड, मुख्य बाजार आवागमन में आती थी दिक्कतें
संपर्क मार्ग में इंटरलॉक टाइलें लगीं और क्षतिग्रस्त चैंबरों को भी सुधारा
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। नगर परिषद की एनएच-07 पर मोगीनंंद के समीप से मुख्य बाजार जाने वाले संपर्क मार्ग की दशा सुधारी जा रही है। बरसात के बाद गली वाले इस मार्ग की दशा खराब हो चुकी थी। इस मार्ग से बस स्टैंड, मुख्य बाजार के लिए आवागमन होता है। अब इंटरलॉक लाइटनुमा सड़क बन रही है और क्षतिग्रस्त हो चुके चैंबरों की दशा भी सुधारी जा रही है जिससे कॉलेज के विद्यार्थियों समेत लोगों ने राहत की सांस ली है।
पांवटा निवासी अर्चना, निखिल, राहुल, ऋतिक तोमर, आर्यन शर्मा, अचल, अजय धीमान व सपना ने बताया कि मोगीनंद के समीप से कॉलेज को भी मार्ग निकलता है। एनएच से लेकर सुखविंद्र आवास, संदीप गुप्ता से डी-संस टेलर तक पिछले बरसात में जगह-जगह ये मार्ग उखड़ गया था। इस मार्ग पर बरसात में जलभराव समस्या भी रहती है। मार्ग टूटने से खास कर चैंबरों के आसपास उखड़ने से हादसों का भी खतरा बना रहता था।
मोगीनंद से एनएच मार्ग होकर सिनेमा गली होकर बस स्टैंड तथा मुख्य बाजार को ये मार्ग जोड़ता है। संपर्क मार्ग टूटने से दिक्कतें आती रहीं। अब इस मार्ग को तीन चरणों में करीब 12 लाख बजट से ठीक करवा दिया गया है जिससे आवागमन में दिक्कतें दूर हो सकेंगी।
नगर परिषद पांवटा साहिब वार्ड-8 के पार्षद डॉ. रोहताश नांगिया ने बताया कि इस संपर्क मार्ग की दशा सुधारी जा रही है। नई टाइलनुमा सड़क तैयार करने के साथ ही क्षतिग्रस्त चैंबरों की मरम्मत की जा रही है जिससे आवागमन में लोगों को होने वाली दिक्कतें दूर की जा सकें।
संवाद