विद्युत बोर्ड की नीतियों के खिलाफ सोमवार को अधीक्षण अभियंता कार्यालय के बाहर हिमाचल प्रदेश विद्युत बोर्ड कर्मचारी संयुक्त मोर्चा ने मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदेश में बोर्ड द्वारा 51 इंजीनियरों तथा 81 आउटसोर्स चालकों की नौकरी समाप्त करने के आदेशों पर कड़ी निंदा जताई गई। प्रदर्शन के दौरान कर्मियों ने सरकार से मांग उठाई है कि इन पदों पर काम कर रहे कर्मियों की सेवा बहाल की जाए। इसके अतिरिक्त ओल्ड पेंशन फिर से लागू करने व 2023 में स्वीकृत 1030 पदों को भरने आदि मांगों को भी प्रदर्शन में उठाया गया। विद्युत बोर्ड पेंशनर एसोसिएशन नाहन के अध्यक्ष शमशेर सिंह ठाकुर ने कहा कि सरकार के इस प्रकार का निर्णय बहुत दुखद हैं। उन्होंने कहा कि 1971 में जब बोर्ड बना था तब समझौते में कहा गया था कि जो भी सुविधाएं सरकारी कर्मचारी को मिलेंगी, वही सुविधाएं बोर्ड के कर्मचारियों को भी मिलेंगी। उन्होंने मांग उठाई कि बिजली बोर्ड के कर्मचारियों को 2003 के बाद से पेंशन लाभ भी दिया जाए। एसोसिएशन से अनिल ने कहा कि पदों को खत्म करने का निर्णय दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि 1023 टीमेट के पदों को जल्द भरा जाए। इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता दर्शन सिंह, अधिशासी अभियंता राहुल राणा, आउटसोर्स कर्मचारी युनियन से अध्यक्ष विक्रम सिंह, सचिव कपिल आदि मौजूद रहे।