ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश।
गूलर-बांसकाटल मोटर मार्ग पर एक ट्रैक्टर ट्रॉली दूसरे वाहन को पास देने के फेर में आठ सौ मीटर गहरी खाई में गिर गई। ट्रैक्टर ट्राली में सवार लंबगांव टिहरी निवासी बृजेश कुमार की मौत हो गई। जबकि दो लोग जख्मी हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को आपातकालीन 108 सेवा से ऋषिकेश के एसपीएस राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया है। मुनिकीरेती थाना पुलिस के मुताबिक राहुल गुर्जर 21 पुत्र शंसरपाल निवासी बारुखी, रसूलपुर, जिला मुजफ्फनगर, यूपी बुधवार सुबह करीब सात बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली से कोटर गांव में मजदूरों के लिए राशन लेकर जा रहा था।
गूलर-बांसकाटल मार्ग पर घिगुड़ के समीप एक मोड़ पर सामने से आ रहे वाहनों को साइड देने के चक्कर में ट्रैक्टर-ट्रॉली गहरी खाई में जा गिरी। चालक राहुल व राकेश मेहर 20 पुत्र ध्यान सिंह निवासी माजफ, थाना लंबगांव, टिहरी ट्रैक्टर से कूद गए, जबकि बृजेश कुमार 18 पुत्र धनपाल निवासी माजफ, लंबगांव, टिहरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ खाई में गिर गया। घायल राहुल की सूचना पर चौकी से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पहाड़ी पर अटके बृजेेश के शव को रस्सी के माध्यम से बाहर निकाला और घायलों को आपातकालीन सेवा से एसपीएस राजकीय चिकित्सालय भिजवाया। गूलर चौकी प्रभारी निरंजन बड़थ्वाल ने बताया कि मृतक के शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है।