1-
मुस्कराने से अमलतास भी खिल उठता था
दोस्त के हँसते ही आकाश भी खिल उठता था
उसके आने से आ जाती थी घर में रौनक़
उसके होने से मधुमास भी खिल उठता था
ऐसे मिलता था वो जन्मों से हो रिश्ता जैसे
पास बैठा हुआ उल्लास भी खिल उठता था
उसकी यादों में मुकम्मल-सा जहाँ है अपना
उसके होने का अहसास भी खिल उठता था
छेनी से उसकी तराशी थी कुछ ऐसी मूरत
उसकी जुंबिश से नक्क़ाश भी खिल उठता था
हाथ रखता था वो यूं काँधे पे करीने से
उसके छूने से विश्वास भी खिल उठता था
2-
उससे मिलने की ख्वाहिश हुई है
आज फिर से जो बारिश हुई है।
दूर निकलें कहीं तो सफर पर
आज फिर मन में ख्वाहिश हुई है
क्या पता है उसे कितने दिन में
मेरी खुद से गुजारिश हुई है।
फिर से बहने लगी हैं हवाएं
फिर दरख़्तों में जुंबिश हुई है
है ये सावन में बूंदों की रिमझिम
भीग जाने की ख़्वाहिश हुई है
आज आंखों में फिर से नमी है
उसकी दिल पर नवाज़िश हुई है
फख्र है दोस्त पर जबसे उसकी
मेरे दिल में रिहाइश हुई है
हमारे यूट्यूब चैनल को Subscribe करें।
कमेंट
कमेंट X