'हिंदी हैं हम' शब्द श्रृंखला में आज का शब्द है- चमक, जिसका अर्थ है- प्रकाश, रोशनी, आभा, अचानक उठा हुआ दर्द। प्रस्तुत है पीयूष मिश्रा की कविता- वो चकाचौंध है यार कहीं तुम खो मत जाना...!
वो चकाचौंध है यार कहीं तुम खो मत जाना...!
वो बिजली की इक कौंध यार
वो बादल की एक ग़रज़ यार
वो चमक मारती... गड़-गड़ करती
आज रवाँ
कल मुर्दा है...
और आज जवाँ
कल बूढ़ी है...
और आज हसीं
कल बदसूरत
और आज पास
कल दूरी है...
वो रेल की छुक-छुक जैसी है
जो दूर-दूर को जाते-जाते
बहुत दूर खो जाती है...
और धुन उसकी बस आस-पास की
पटरी पे रो जाती है...
वो कोहरे वाली रात को जाते
राहगरी के जूतों की
वैसी वाली-सी खट्-खट् है
जो दरवाज़े के पास गुज़रती
चौंकाती...झकझोर मारती...
भरी नींद की तोड़ मारती
कानों से टकराती है...
और फिर इकदम
उस धुप्प अँधेरे
के अंदर घुस जाती है...!
वो बूढ़े चौकीदार की सूजी
थकन भरी आँखों में आई
नींद की वैसी झपकी है...
जो रात में पल-पल आती है...
पर मालिक की गाड़ी के तीखे
हॉर्न की चीख़ी पौं-पौं में
इक झटके में भग जाती है...!
आगे पढ़ें
कमेंट
कमेंट X