आप अपनी कविता सिर्फ अमर उजाला एप के माध्यम से ही भेज सकते हैं

बेहतर अनुभव के लिए एप का उपयोग करें

विज्ञापन

आज का शब्द: अमिय और उर्मिल सत्यभूषण की कविता- कस्तूरी गंध अपनी थी

आज का शब्द
                
                                                         
                            'हिंदी हैं हम' शब्द शृंखला में आज का शब्द है- अमिय, जिसका अर्थ है-  सुधा, अमृत। प्रस्तुत है उर्मिल सत्यभूषण की कविता- कस्तूरी गंध अपनी थी
                                                                 
                            

तमाम उम्र भटकती रही
किसी शाद्वल की खोज में
रसप्लावित होने को
आंख लगी रही
ओयसिस की तलाश में
कदम बहकते रहे
जिंदगी के वीरान
रेगिस्तान में।
चमकता जल बुलाता रहा
छलावा भटकाता रहा
छलावों की बारम्बारता
पछतावों की आवृत्ति में
टूट-टूट कर जुड़ी रही
थकी नहीं, रुकी नहीं
दौड़ती रही, दौड़ती रही
तृषाकुल मृगी मैं
आखिर मिला तुझको
मरूद्यान
हरा-भरा था, नीलम जड़ा था
अमिय घट लेके
राह में खड़ा था
मरकत का द्वीप
जीवन में लहर गया
वक्त का टुकड़ा ठिठका,
ठहर गया
नीलम की झील में
डूबी उतराई मैं
रसप्लावित हुई मैं
सुरभि की बांहों में
लिपटी पल-पल को जीती रही
बूंद-बूंद पीती रही
अंजलि खुली नहीं
अमिय घट रीत गया
ठहरा हुआ वक्त बीत गया
खोई-खोई सी, ठगी-ठगी सी
खड़ी रही विस्मित, विमुग्धा मैं
चौंकी देखा सपना तिरोहित था
‘ओयसिस’ वह गायब था
सामने फिर वही लम्बा
मरूबल खाता था
पर अब मैं रोती न थी
भरी-भरी सी, तृप्ता मृगी थी
प्यास बुझा ली थी
समूचा ओयसिस मेरे भीतर
लहराता था
कस्तूरी गंध अपनी थी
जान गई
निज को पहचान गई
मन की गुफाओं में
दीपशिखा जलने लगी
निज की पहचान से
स्वयं दमकने लगी
अनहद नाद सुनती
मदमाती खड़ी रही
इस काया कल्प पर
विस्मित विमुग्धा मैं
हवाओं सी हल्की, सुरभित
किरण बनकर, कुलांचे भरने लगी मैं
जीवन के मरू को फिर से
पार करने लगी मैं।

हमारे यूट्यूब चैनल को Subscribe करें।

लिंक पर क्लिक करें और जुड़ें अमर उजाला काव्य के व्हाट्सएप चैनल से 

https://whatsapp.com/channel/0029VaXoA27A89Mp96alfc2o  


 
7 घंटे पहले

कमेंट

कमेंट X

😊अति सुंदर 😎बहुत खूब 👌अति उत्तम भाव 👍बहुत बढ़िया.. 🤩लाजवाब 🤩बेहतरीन 🙌क्या खूब कहा 😔बहुत मार्मिक 😀वाह! वाह! क्या बात है! 🤗शानदार 👌गजब 🙏छा गये आप 👏तालियां ✌शाबाश 😍जबरदस्त
विज्ञापन
X
बेहतर अनुभव के लिए
4.3
ब्राउज़र में ही

अब मिलेगी लेटेस्ट, ट्रेंडिंग और ब्रेकिंग न्यूज
आपके व्हाट्सएप पर