आप अपनी कविता सिर्फ अमर उजाला एप के माध्यम से ही भेज सकते हैं

बेहतर अनुभव के लिए एप का उपयोग करें

विज्ञापन

कहानी: एक लाल गाड़ी, जो आख़िरी उम्मीद की तरह खड़ी थी

kahani by aparna dwivedi ek-laal-gaadi-jo-aakhiri-ummeed-ki-tarah-khadi-thi
                
                                                         
                            

डीडीए फ्लैट्स की उस कॉलोनी में एक छोटी-सी लाल मारुति ज़ेन खड़ी रहती थी। वह अब बहुत कम चलती थी। पंद्रह-बीस दिन में कभी कोई उसे स्टार्ट कर देता, थोड़ी दूर घुमा लाता, फिर वापस उसी जगह खड़ी कर देता। ऐसा इसलिए कि उसकी बैटरी जवाब न दे जाए और गाड़ी पूरी तरह बेकार न हो जाए। वक्त के साथ-साथ उसका सुर्ख रंग भी अब थोड़ा फीका पड़ने लगा था। धूल की एक पतली परत अक्सर उसकी खिड़कियों पर जमी रहती। पार्किंग में आने-जाने वाले लोग कभी-कभी शिकायत भी कर देते—“यह गाड़ी हट क्यों नहीं जाती? जगह घेरे रहती है। चलती तो है नहीं!”लेकिन गाड़ी वहीं खड़ी रहती।

वह किसी की परेशानी थी, किसी की बेकार संपत्ति, किसी के लिए पार्किंग का अवरोध। मगर उसी पहली मंज़िल के एक घर में रहने वाली आंटी के लिए वह गाड़ी उनकी पूरी दुनिया का एक हिस्सा थी।
आंटी एक जमाने में वह बेहद सक्रिय थीं। कॉलोनी में घूमतीं, लोगों से मिलतीं, हंसतीं, पार्टियों में जातीं, कभी किसी के घर तो कभी किसी के यहां। तरह-तरह के पकवान बनातीं। उनके घर में हमेशा कुछ न कुछ होता रहता था। लोगों का आना-जाना, घर की रौनक, बच्चों की आवाजें, पति की उपस्थिति—जीवन जैसे पूरे वेग से बहता था। बस उनकी एक ही बड़ी समस्या थी—बर्तन धोना। बर्तन धोने वाली अगर नहीं आई, तो आंटी का पूरा दिन बेचैन हो जाता। वह घर में बैठने वालों में से नहीं थीं। निकल पड़तीं मोहल्ले में। एक कामवाली नहीं मिली तो दूसरी तलाशतीं। किसी घर से किसी का पता मिलता, किसी दूसरे घर से किसी और का। उन दिनों न ऐप थे, न बटन दबाकर कामवाली बुलाने की सुविधा। लेकिन आंटी अपनी जरूरत का आदमी ढूंढ ही लेती थीं। 
घर में पति था, एक बेटा और एक बेटी। पति सरकारी दफ्तर में थे। अच्छी कमाई थी, घर में सुख सुविधा के लगभग सभी साधन थे। दोनों बच्चे पढ़े-लिखे थे, उनकी शादियां भी दिल्ली में ही हो गईं। ये सब तो ठीक है लेकिन ये सुविधाएं जीवन की गारंटी तो हो नहीं सकती।

बेटी एक रात सोई और सुबह उठी ही नहीं। सांस से जुड़ी बीमारी ने उसे इतनी अचानक छीन लिया कि घर में दुख को समझने का भी समय नहीं मिला। फिर पति भी चले गए।

बेटा विदेश में रहने लगा और आंटी अकेली रह गईं। उनके शरीर में कई बीमारियां घर कर चुकी थीं। चलने-फिरने में भी दिक्कत होने लगी थी। एक बार गिरने से पीछे की हड्डी भी टूट गई। इलाज हुआ, वह ठीक भी हुईं। मगर अब वह पहले वाली आंटी नहीं थीं। शरीर कमजोर हो गया था, पर दिमाग अब भी तेज था। हर बात समझती थीं। हर चीज का हिसाब रखती थीं। अपने दुख को भी शायद इसी समझ के कारण भीतर रखती थीं। बेटे ने उनकी देखभाल के लिए घर में दो लोगों को रख दिया। एक दिन में रहती, दूसरी रात में। बेटा हर दो महीने में आता, माँ को देखता, जरूरी चीजों का इंतजाम करता और वापस चला जाता। घर चल रहा था। मगर जीवन कहां चल रहा था?

वह लाल मारुति ज़ेन कभी अंकल के लिए खरीदी गई थी। नई-नई गाड़ी आई थी तो आंटी बहुत खुश हुई थीं। शुरू में अंकल उसे चलाते थे। बाद में बेटा भी चलाने लगा। कभी परिवार कहीं जाता, कभी कोई काम होता, कभी अचानक कहीं निकलने का मन होता—गाड़ी घर के साथ चलती थी। अंकल के जाने के बाद भी गाड़ी रह गई। बेटे के विदेश चले जाने के बाद भी गाड़ी रह गई।
धीरे-धीरे घर के लोग कम होते गए, आवाजें कम होती गईं, यात्राएं कम होती गईं लेकिन गाड़ी पार्किंग में खड़ी रही।
जब बेटा आता, गाड़ी चला लेता। कभी घर का ड्राइवर उसे स्टार्ट कर देता, थोड़ा घुमा देता। किसी तरह गाड़ी जीवित रखी जा रही थी।शायद गाड़ी को जीवित रखने की कोशिश में आंटी भी अपनी जिंदगी को जीवित रखने की कोशिश कर रही थीं। फिर एक दिन बेटा आया और उसने गाड़ी चलाई। गियर बॉक्स जाम हो गया। गाड़ी चली नहीं। मैकेनिक को दिखाया गया। उसने कहा—“गाड़ी पुरानी हो रही है। पंद्रह साल होने वाले हैं। अब इसमें जितना पैसा लगाइएगा, उतने में नई गाड़ी आ जाएगी। इसे बेच देना ही ठीक रहेगा।”बेटे ने हिसाब लगाया होगा। खर्च, मरम्मत, उपयोग, जरूरत, निवेश। और गाड़ी बेच दी गई।

शायद बेटे को लगा कि उसने एक सही निर्णय लिया है। घर में एक बेकार खड़ी गाड़ी कम हो गई। एक खर्च कम हुआ। पार्किंग की जगह खाली हुई लेकिन पहली मंजिल की खिड़की से देखने वाली आंटी को किसी ने नहीं बताया कि उनके जीवन का एक हिस्सा हटाया जा रहा है। जब उन्होंने देखा कि गाड़ी नहीं है, तो पूछा-“गाड़ी कहां गई?” बेटे ने बताया, बेच दी गई। उस दिन आंटी बहुत उदास हुईं। वह अंकल को याद करती थीं। बेटी को याद करती थीं। कभी रोती भी थीं। मगर उस लाल गाड़ी के जाने से जो दुख हुआ, वह कुछ अलग था। वह गाड़ी उनके लिए केवल गाड़ी नहीं थी। वह एक उम्मीद थी। एक विश्वास था। उन्हें लगता था कि कभी तबीयत बिगड़े, कहीं जाना पड़े, अस्पताल जाना पड़े, किसी जरूरी काम से बाहर निकलना पड़े—तो उनके पास गाड़ी है। वह किसी पर पूरी तरह निर्भर नहीं हैं। उनके जीवन में अभी एक रास्ता बाकी है। वह लाल गाड़ी उनकी खिड़की के नीचे खड़ी एक चुप भरोसा थी। और जब वह चली गई, तो जैसे वह भरोसा भी चला गया।

उन दिनों मेरी अपनी गाड़ी भी बिक गई थी। नई गाड़ी आने में लगभग दो महीने का समय था। मैं आंटी के पास गई और उनसे कहा—“आंटी, परेशान मत होइए। गाड़ी फिर ले आएंगे।”उन्होंने मेरी ओर देखा और बोलीं “मेरी उम्र में अब नई गाड़ी नहीं आएगी। बेटे को क्या लगेगा? इतना पैसा मम्मी की गाड़ी पर क्यों लगाएं? उसे अच्छा इन्वेस्टमेंट नहीं लगेगा।” मैंने कहा, “लेकिन आपको जरूरत हो तो...”उन्होंने मेरी बात बीच में ही रोक दी और कहने लगीं “तुम नहीं समझोगी। बेचने से पहले पूछ लेता तो मुझे लगता कि गाड़ी मेरी थी। उसे हटाने का फैसला मेरा था। लेकिन उसने तो बिना पूछे ही बेच दी। मुझे ऐसा लग रहा है जैसे सब लोग मुझे छोड़कर चले गए। बेटी चली गई, पति चले गए। अब गाड़ी भी चली गई।”

वह थोड़ी देर चुप रहीं। फिर बोलीं—“मेरे जाने से पहले ही मेरे घर वालों ने मुझे रुखसत कर दिया है। उन्हें लगता है कि अब मैं कितने दिन की हूं? दस साल जिऊं या बीस साल? अब मेरे लिए गाड़ी लेने का क्या मतलब? उन्हें लगता होगा, मम्मी को नई गाड़ी देने का क्या फायदा। मैं अपनी उम्र का दुख नहीं बता रही हूं लेकिन मुझे यह तो लगता है कि शायद मेरे लिए अब गाड़ी की जरूरत नहीं समझी गई। बेचने से पहले पूछ लेता तो लगता कि मैं अभी हूं। मेरी भी कोई इच्छा है। मेरी भी कोई जरूरत है।” मैं उनके सामने बैठी रही। मेरे पास कोई उत्तर नहीं था। 

कभी-कभी हम किसी की बात का उत्तर नहीं दे सकते, क्योंकि वह बात हमारे सामने एक ऐसा सच रख देती है, जिसे हम अपने सुविधाजनक जीवन में देखना ही नहीं चाहते। उस दिन मुझे पहली बार लगा कि वृद्धावस्था केवल शरीर का कमजोर होना नहीं है। वृद्धावस्था शायद वह समय है जब आपके जीवन के फैसले धीरे-धीरे दूसरे लोग लेने लगते हैं। आपके घर में क्या रहेगा, क्या हटेगा। आप कहां जाएंगे, कहां नहीं जाएंगे। आपको किस चीज की जरूरत है, किस चीज की जरूरत नहीं। आपकी इच्छा सुविधा के हिसाब से मापी जाने लगती है।

और एक दिन कोई आपकी चीज बेच देता है—यह सोचकर कि अब इसका क्या उपयोग?उसे पता ही नहीं होता कि वह चीज आपके लिए उपयोग की नहीं, उम्मीद की थी। उस लाल मारुति ज़ेन को शायद अब कोई याद भी नहीं करता। किसी और के घर चली गई होगी। शायद कबाड़ में चली गई हो। शायद किसी नए मालिक के पास फिर चल रही हो। लेकिन आंटी के घर के नीचे जो पार्किंग की जगह खाली हुई, वह केवल एक गाड़ी की जगह नहीं थी। वहां से उनकी एक उम्मीद चली गई थी। और शायद उन्हें पहली बार लगा था कि उनके परिवार ने उनके जीवन का अगला अध्याय लिखना शुरू कर दिया है—बिना उनसे पूछे। गाड़ी तो बेच दी गई थी।

8 minutes ago

कमेंट

कमेंट X

😊अति सुंदर 😎बहुत खूब 👌अति उत्तम भाव 👍बहुत बढ़िया.. 🤩लाजवाब 🤩बेहतरीन 🙌क्या खूब कहा 😔बहुत मार्मिक 😀वाह! वाह! क्या बात है! 🤗शानदार 👌गजब 🙏छा गये आप 👏तालियां ✌शाबाश 😍जबरदस्त
विज्ञापन
X
बेहतर अनुभव के लिए
4.3
ब्राउज़र में ही

अब मिलेगी लेटेस्ट, ट्रेंडिंग और ब्रेकिंग न्यूज
आपके व्हाट्सएप पर