उसकी तबस्सुम में नूर है,
वो शख़्स जो दुनिया की भीड़ से कोसों दूर है।
जो चुपचाप अकेले में रोता है,
जो तन्हाइयों से लड़कर अकेले सोता है।
जिसे किसी चीज़ की जुस्तजू तो नहीं,
लेकिन उसकी हर सुबह एक अधूरी दास्ताँ से होती है।
जो बंजारा-सा हर गली-मोहल्लों में फिरता है,
जिसकी हर मासूम ख़्वाहिशें धर दबोची गईं।
जिसने मुस्कुराकर ज़िंदगी से तोहफ़े में मिले हर सितम को सहा है,
जिसके ज़ख़्म अब तक नहीं भरे,
और वो तड़प जो आज भी एक टीस बनकर उसके सीने में चुभती है।
वो शख़्स जो हमसे कुछ कहे बिना ही रुख़्सत हो जाए,
ऐसे वक़्त में रुसवाई का डर भी घर कर जाए तो क्या?
वो शख़्स जो हमसे दूर हो जाए,
तो क्या...
ऐसे में ना, हमें एक दफ़ा उसका हाल पूछ ही लेना चाहिए, जो अभी हमारी नज़रों के सामने है और दूजे ही पल हमसे दूर हो जाए तो क्या?
जो कहा नहीं, तो अब कह दो। जो अपनापन और प्यार जताया नहीं, तो क्या है?
समय अभी भी तुम्हारे पास है। कुछ हँसी तो कुछ आँसू बाँट लो, कुछ उसके हिस्से का तो कुछ अपने हिस्से का।
हर दुख साझा कर एक बार फिर साथ मिल मुस्कुरा लो...
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X