साल का सबसे सुहाना मौसम — चुनावों का मौसम
साल में मौसम आते-जाते,
कभी गर्मी, कभी बरसात,
कभी सर्दी कंपकंपाती,
कभी बसंत की मीठी बात.
लेकिन सबसे प्यारा मौसम,
सबसे सुहाना मौसम—
चुनावों का मौसम है जनाब,
इसमें नेता भी इंसान हैं!
पाँच साल तक जो नेता जी,
जनता से रहते थे दूर,
चुनाव आते ही याद आती,
हर गली और हर मजबूर.
हाथ मिलाएँ, गले लगाएँ,
घर-घर जाकर हाल बताएँ,
जिसे पहचानते तक नहीं थे,
उसको भी “भाई साहब” कह जाएँ.
चाय हमारी, बिस्कुट उनके,
मुस्कान हमारी, फोटो उनकी,
बूढ़े बाबा के पैर दबाएँ,
बच्चों को गोदी में उठाएँ.
किसी के घर दाल में घी डालें,
किसी के घर कुशल-क्षेम पूछें,
कल तक जो मोबाइल न उठाते,
आज खुद ही दस बार फोन करें.
मंदिर जाएँ, मस्जिद जाएँ,
गुरुद्वारे में शीश नवाएँ,
धर्म सभी का प्यारा-प्यारा,
वोट सभी का न्यारा-न्यारा.
जाति, बिरादरी, क्षेत्र, समाज,
हर खांचे में दिखता अपना राज.
चुनावी मौसम की क्या माया,
सबको अपना भाई बनाया!
गरीब के लिए योजनाएँ,
युवा के लिए नौकरियाँ,
किसान के लिए नई सौगातें,
महिलाओं के लिए नई बातें.
मुफ्त राशन, मुफ्त इलाज,
बिजली, पानी, घर और अनाज.
जनता पूछे—“इतना दोगे?”
नेता बोले—“सब कुछ दोगे!”
भाषणों में सड़कें चमकें,
हर गाँव में कारखाने दमकें,
नौकरी होगी हर नौजवान की,
किस्मत बदलेगी किसान की.
महँगाई जाएगी पता नहीं कहाँ,
बेरोजगारी रहेगी कहाँ?
ऐसा लगता भाषण सुनकर,
देश बनेगा स्वर्ग ही अब.
चुनावों में मौसम ऐसा,
वादों की बारिश होती है.
घोषणाओं की बिजली चमके,
आशाओं की धरती सोती है.
पोस्टर, बैनर, झंडे, नारे,
हर नुक्कड़ पर भाषण प्यारे.
गली-गली लोकतंत्र खिले,
और लाउडस्पीकर दिन-रात मिले!
फिर आता है मतदान दिवस,
जनता का सबसे बड़ा पर्व.
नेता जी के चेहरे पर तब,
दिखता थोड़ा भय और गर्व.
वोटर राजा बन जाता है,
नेता सेवक कहलाता है.
जिसे कल तक कोई न पूछे,
आज उसका चरण दबाता है.
फिर परिणाम का दिन आता,
किसी के घर जश्न मनाता.
किसी का हार में हार जाता,
किसी का सपना टूट जाता.
जीतने वाला शपथ उठाता,
“जनता की सेवा” फिर दोहराता.
जनता सोचती—“अच्छा मौसम था,
अब शायद कुछ बदलेगा.”
मगर मौसम की अपनी चाल,
कुछ ही दिन में बदल गया हाल.
जो कल तक घर पर आते थे,
आज मिलने को समय न पाते.
फोन किया तो व्यस्त बताते,
दफ्तर जाओ तो मीटिंग बताते.
जनता फिर वही पुरानी,
नेता जी की दुनिया नई कहानी.
फिर पाँच साल बाद अचानक,
आसमान में बादल छाते हैं.
पुराने चेहरे नए कपड़ों में,
फिर जनता के घर आते हैं.
हाथ जोड़ते, मुस्कान सजाते,
पुराने रिश्ते याद दिलाते—
“भाई साहब, पहचाना नहीं?”
जनता कहती—“पहचाना जी,
चुनावी मौसम आया है ना!”
इस मौसम की एक बात निराली,
हर गलती पर लगती ताली.
हर वादा लगता मीठा-मीठा,
हर भाषण लगता सीधा-सादा.
लेकिन अब जनता भी समझदार,
वोट उसका सबसे बड़ा हथियार.
मौसम चाहे जितना सुहाना,
वोट सोच-समझकर ही लगाना.
क्योंकि चुनाव का मौसम आए,
तो नेता जनता को याद करे,
पर लोकतंत्र तभी सफल कहलाए,
जब नेता चुनाव के बाद भी जनता को याद करे.
— विजय शर्मा ऐरी
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X