बंद दरवाज़े की वो एक पतली सी दरार,
और भीतर टूटती एक मासूम सी पुकार।
नन्हीं आँखों ने जो बचपन में वो मंज़र देखा,
इंसानियत के माथे पर काला सा ख़ंजर देखा।
रक्षक ही भक्षक बना, रिश्तों का कत्ल हुआ,
बहन की सिसकियों से घर का आँगन दहल हुआ।
वो छोटा सा बच्चा सहमा सा कोने में खड़ा रहा,
उस बंद कमरे का डर, उसके ज़ेहन में बड़ा रहा।
न कह सका किसी से, न खुलकर रो पाया,
अपनी ही बेबसी के बोझ तले दबता गया।
अंदर ही अंदर वो घुटन एक ज़हर बनती रही,
बचपन की हर मुस्कान को वो कुंठा निगलती रही।
पेट की आग बुझाने को फिर मजदूरी की राह चुनी,
छोटे हाथों ने ईंट-पत्थर और बोझ की दुनिया बुनी।
गरीबी की धूप में हर रोज़ उसका जिस्म जलता रहा,
वो ज़िंदा लाश बनकर बस साँसों को ढोता रहा।
क़िस्मत का कैसा क्रूर तमाशा, वक़्त का कैसा फेर आया,
वही गुनहगार बाप, बिस्तर पर लाचार नज़र आया।
जहाँ नफ़रत की आग जलनी थी, वहाँ फ़र्ज़ का बोझ आ गया,
उस ज़ालिम की साँसें बचाने, वो अभागा दौड़ता रहा।
दिन-रात खटता रहा, अपना ख़ून-पसीना बहाता रहा,
दवाइयों की ख़ातिर ख़ुद को तिल-तिल जलाता रहा।
आख़िर बोझ उठाते-उठाते, एक दिन वो साँस थम गई,
जिसने बचपन छीना था, उसी की ज़िंदगी बचाने में उसकी जान चली गई।
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X