मेरी गौरैया प्यारी गौरैया बिन तेरे अब आंगन सूना लगता है!
अंगने में घूम-घूम कर तेरा आना,
उड़-उड़ कर चीं चीं का शोर मचाना,
चोंच में दबाकर तेरा तिनका लाना,
याद आता है।
छोटी तिनकों से तेरा घरौंदे बनाना,
उछल कर चोंच से दाना चुग जाना,
दाना ले कर उड़ जाना वापस आना,
याद आता है।
मेरी गौरैया प्यारी गौरैया बिन तेरे अब आंगन सूना लगता है!!
ठुमक-ठुमककर निगोड़ी तेरा चलना,
फुदक फुदक कर मेरे मन को हरना,
चांवल के दाने में तेरा चोंच का मारना,
याद आता है।
मेरी गौरैया प्यारी गौरैया बिन तेरे अब आंगन सूना लगता है!!
धूल में लोट-लोट कर होली का खेलना,
घर-आंगन उड़-उड़ कर चीं चीं का बोलना,
दादी के आईने में झांककर बनना संवरना,
याद आता है।
मेरी गौरैया प्यारी गौरैया बिन तेरे अब आंगन सूना लगता हैै!!
-उषा श्रीवास वत्स
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X