तेरे आँचल से निकलूँ तो कहाँ जाऊँ,
माँ, तू ही बता, मैं आखिर कहाँ जाऊँ।
बाहर निकलूँ तो मिलें दरिंदे हज़ार,
अपना दामन बचाऊँ तो कहाँ जाऊँ।
घूरती रहती हैं मुझको नज़रें हज़ार,
अपनी नज़रें न झुकाऊँ तो कहाँ जाऊँ।
बात तेरे संस्कारों की आ जाती हर बार,
अश्क़ आँखों में छुपाऊँ तो कहाँ जाऊँ।
हर रास्ते पर खड़े मिल जाते मक्कार,
अपने क़दम न बढ़ाऊँ तो कहाँ जाऊँ।
पीछा करते हैं मेरा ये कई बार,
इनसे पीछा न छुड़ाऊँ तो कहाँ जाऊँ।
पीकर शराब देते हैं गालियाँ हज़ार,
अपने कानों को न बचाऊँ तो कहाँ जाऊँ।
नोचते हैं घर में मामा-चाचा बनकर,
अपने घर में न रह पाऊँ तो कहाँ जाऊँ।
करते रहते हैं मुझे बेबस और लाचार,
तन्हाई से न घबराऊँ तो कहाँ जाऊँ।
दिल में आता है, उजाड़ दूँ इनका संसार,
लक्ष्मीबाई न बन पाऊँ तो कहाँ जाऊँ।
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X