लौट आओ बुद्ध..
अपनी धरा पर,
कुछ तो दया करो यशोधरा पर।
फिर न लौटेगी यशोधरा धरा पर,
बहुत हुई तुम्हारी साधना,
अब सीख लो सम्बंधों को साधना।
लौट आओ बुद्ध...
यूँ न भटको अकेले
सत्य की तलाश में,
सत्य ही तलाशना है तो
तलाश लो मेरे प्रेम में,
मेरे विरह में,
मेरी सिसकियों में,
मेरे आँसुओं में,
मेरे पश्चात्ताप में,
मेरी हार में...
लौट आओ बुद्ध...
एक ही जीवन मिलता है
गर सत्य-मार्ग के लिए,
तो एक ही जीवन मिलता है
प्रेम-मार्ग के लिए भी।
लौट आओ बुद्ध...
बहुत हुआ तुम्हारा सफ़र,
बना लो प्रेम को भी
सत्य का हमसफ़र।
किसी की आत्मा पर आघात भी
होती है हिंसा,
फिर कैसी है तुम्हारी अहिंसा?
लौट आओ बुद्ध...
फिर न लौटेगी यशोधरा धरा पर,
कुछ तो दया करो अपनी सखा पर।
-आराधना
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X