तेरी आँखों में इक घर बसाने में बहुत देर लगी,
उसी घर से ये दिल छुड़ाने में बहुत देर लगी।
जिसे हम ज़िंदगी समझे, उसी में ख़ुद नहीं थे हम—
हमें ख़ुद तक ही लौट आने में बहुत देर लगी।
तेरी राहों से काँटे हटाने में बहुत देर लगी,
तेरी ख़ातिर ख़ुद को भुलाने में बहुत देर लगी।
तेरे हिस्से की धूपों में हमारी उम्र ढलती थी—
हमें अपनी भी छाँव बनाने में बहुत देर लगी।
हमें सच से नज़र मिलाने में बहुत देर लगी,
तेरे वादों से दिल हटाने में बहुत देर लगी।
तेरी हर बेरुख़ी को हम तेरी मजबूरी कहते थे—
हमें दिल को ये सच बताने में बहुत देर लगी।
तेरे बिन घर को फिर सजाने में बहुत देर लगी,
तेरी ख़ुशबू से मन हटाने में बहुत देर लगी।
तेरी तस्वीर तो पहले ही दिन हमने हटा दी थी—
मगर दीवार से साया मिटाने में बहुत देर लगी।
हमें पलकों के अश्क बहाने में बहुत देर लगी,
किसी को ज़ख़्म तक बुलाने में बहुत देर लगी।
सभी ने हौसला देखा, किसी ने थकन कब देखी—
हमें अपना भी दुख सुनाने में बहुत देर लगी।
हमें ख़ुद से गिले मिटाने में बहुत देर लगी,
बुझे विश्वास में लौ जगाने में बहुत देर लगी।
किसी के छोड़ जाने से हमारी क़द्र कब घटती—
यही इक बात दिल को समझाने में बहुत देर लगी।
तेरी यादों से गिले मिटाने में बहुत देर लगी,
बिना शिकवे तुझे भुलाने में बहुत देर लगी।
तुझे माफ़ी मिली, लेकिन सज़ा हम ख़ुद को देते थे—
हमें ख़ुद को भी गले लगाने में बहुत देर लगी।
हमें बिखरे हुए टुकड़े उठाने में बहुत देर लगी,
उन्हीं से ज़िंदगी फिर बनाने में बहुत देर लगी।
मोहब्बत कम नहीं की थी किसी से हमने, ऐ ‘विश्वम्’—
हमें अपने लिए मुस्कुराने में बहुत देर लगी।
— संतोष कुमार शर्मा ‘विश्वम्’
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X