आज मैं एक कड़वा सच लिख रही हूँ।
शायद कई लोग मुझे गलत ठहराएँ,
पर यह बात कहना ज़रूरी है।
समाज का एक पुराना फ़ैसला है—
“भागकर शादी करने वाले बच्चे नाफ़रमान होते हैं।”
लेकिन क्या किसी ने यह जानने की कोशिश की
कि बच्चे ऐसा क़दम उठाते क्यों हैं?
मैं बात कर रही हूँ उन माता–पिता की,
जो अपने बच्चे की जिंदगी के फैसले
उसकी खुशी से नहीं,
अपनी शर्तों से तय करते हैं।
कुछ माता–पिता बच्चों की भावनाएँ नहीं देखते;
वे केवल अपना बनाया हुआ खाका पूरा करना चाहते हैं—
जाति वही हो, सरनेम वही हो,
नौकरी सरकारी हो, तनख़्वाह ऊँची हो,
चेहरा सुंदर हो, उम्र बिल्कुल नापी हुई हो…
मानो शादी नहीं, किसी परफेक्ट मॉडल की तलाश हो।
इन भारी-भरकम अपेक्षाओं को निभाते-निभाते
बच्चों की सिर्फ़ उम्र ही नहीं बढ़ती— बल्कि
उनके ख़्वाब बूढ़े हो जाते हैं।
उनका मन थक जाता है,
उनकी कामनाएँ मौन हो जाती हैं।
दबाव, anxiety और depression
उनके रोज़मर्रा का हिस्सा बन जाते हैं।
कुछ बच्चे टूटकर
नशे की पकड़ में चले जाते हैं,
कुछ आवारगी के रास्तों पर भटकने लगते हैं।
पर कोई यह नहीं पूछता
कि उन्हें इन मोड़ों तक पहुँचाया किसने।
और समाज तब बच्चों को कटघरे में खड़ा कर देता है—
चाहे अपराध माँ–बाप की अपेक्षाओं ने ही करवाया हो।
कई बार बच्चे गलत नहीं होते—
वे बस चूर हो चुके होते हैं,
अंदर से बिखर चुके होते हैं।
समाज से मेरी बस एक विनती है—
हर भागकर शादी करने वाला बच्चा बिगड़ा हुआ नहीं होता।
कई बच्चे सिर्फ़ इतना चाहते हैं—
समझ,
स्वीकार,
और अपनों का साया।
और जब अपनों का साया नहीं मिलता,
तो मजबूरियाँ ही चुनवा देती हैं
वे रास्ते—जो समाज की दृष्टि में अनुचित कहलाते हैं।
इसलिए अगली बार
किसी बच्चे को कठघरे में खड़ा करने से पहले
एक पल ठहरकर यह ज़रूर सोचिए—
हो सकता है गलती उसकी नहीं,
बल्कि उन अपेक्षाओं की हो
जिन्होंने उसके मन की शांति,
उसकी इच्छाओं, उसके अस्तित्व
सब पर पहरा बिठा दिया था।
क्योंकि जब प्यार की जगह शर्तें खड़ी हों,
तो बच्चे भटकते नहीं—
भीतर से टूट जाते हैं।
— त्रिशिका धरा
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X