एक बिहारी के लिए त्योहारों का सार है छठ,
दिल में बसी आस्था, अपनों का प्यार है छठ।
बाकी त्योहारों पर घर से दूर रह जाते हैं,
पर छठ आते ही कदम घर की ओर बढ़ जाते हैं।
कितना भी कोई अपनों से दूर चला जाए,
छठ का नाम सुनते ही घर की याद सताए।
ये सिर्फ एक त्योहार नहीं, संस्कार है,
हर बिहारी के दिल में बसा परिवार है।
छत्तीस घंटे निर्जल रहकर भी मुस्कुराती हैं,
न जाने माताएँ इतनी शक्ति कहाँ से लाती हैं।
नहाय-खाय से शुरू, खरना की मिठास,
हर विधि में छिपी है श्रद्धा, हर मन में विश्वास।
फिर डूबते सूरज को जब अर्घ्य दिया जाता है,
हर डूबते पल में भी उम्मीद का दीप जलता है।
और उगते सूरज के संग नई सुबह आती है,
छठी मैया के चरणों में हर मुराद झुक जाती है।
मिट्टी की वो खुशबू, वो गीतों की बहार,
घाटों पर उमड़ता श्रद्धा का संसार।
हाथों में दउरा, आँखों में विश्वास,
छठ के घाट पर मिलता है अपनों का एहसास।
ये पूजा नहीं केवल, हमारी पहचान है,
हमारी मिट्टी, हमारी जड़, हमारा अभिमान है।
दुनिया के किसी कोने में रहें, चाहे जितनी दूर,
छठ आते ही कदम अपने घर की ओर मुड़ जाते है।
छठ कोई त्योहार नहीं, दिल का जुड़ाव है,
ये हर बिहारी की रगों में बहता भाव है।
जहाँ आस्था है, अपनापन है, अपनों का साथ है,
वहीं छठी मैया हैं, वहीं बिहार की बात है।
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X