अमलतास की चुप मुखर गुलमोहर का मौन,
परिवर्तन के नियम को तोड़ सका है कौन?
रंगा गुलाबी ठंड में जीवन का संगीत,
शीत, शीत बस शीत ही बना प्रात का गीत ।
नूतन सपने हैं खिले जैसे बाग गुलाब,
आंचल कभी न रिक्त हो भर-भर कुसुम पराग।
पुष्प राज गुलाब के सारे रंग कमाल,
वासंती जैसी, सुबह शाम बैंगनी, लाल।
दिया कहे- तुझको दिया जीवन में आलोक,
आगे बढ़ ऐ पथिक! तेरा पथ हो सुगम अशोक।
हे कवि! मन आकाश है पाखी भाव अनंत,
शब्द सरित दर्शन करें मज्जन पान तुरंत।
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X