जिस धरती ने जन्म दिया, उस धरती का मान करें,
आओ मिलकर आज सभी, संविधान का सम्मान करें।
न्याय, स्वतंत्रता, समता का जिसने पाठ पढ़ाया है,
बंधुत्व और भाईचारे का दीपक जिसने जलाया है।
जाति-धर्म के भेद मिटाकर, मानवता का गान करें,
आओ मिलकर आज सभी, संविधान का सम्मान करें।
न कोई छोटा, न कोई बड़ा, सबका एक विधान है,
हर नागरिक के हक की खातिर, बना हमारा संविधान है।
शोषित, वंचित और पीड़ित को, अधिकारों का ज्ञान करें,
आओ मिलकर आज सभी, संविधान का सम्मान करें।
बाबा साहब ने श्रम-साधना से, इतिहास नया बनाया था,
विविधताओं वाले भारत को, एक सूत्र में लाया था।
उनके सपनों के भारत का, मिलकर नव निर्माण करें,
आओ मिलकर आज सभी, संविधान का सम्मान करें।
अधिकारों की बात करें तो, कर्तव्यों को भी जानें,
देश की एकता-अखंडता के, हर नागरिक पहरेदार बनें।
सत्य, अहिंसा और सद्भाव का, जीवन में संचार करें,
आओ मिलकर आज सभी, संविधान का सम्मान करें।
संविधान सिर्फ़ पुस्तक ही नहीं, जन-जन की पहचान है,
लोकतंत्र की आत्मा है यह, भारत का अभिमान है।
इसकी मर्यादा अक्षुण्ण रहे, ऐसा हम संकल्प करें,
आने वाली पीढ़ी के हित में, उज्ज्वल हिंदुस्तान करें।
छब्बीस नवंबर का दिन हमको, यही संदेश सुनाता है,
संविधान के प्रति सम्मान ही, सच्चा राष्ट्र बनाता है।
न्याय, समता, बंधुत्व का हम, हर दिल में विस्तार करें,
आओ मिलकर आज सभी, संविधान का सम्मान करें।
— सूबा लाल 'अंजाना'
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X