पिताजी की बातों और जज़्बातों का क्या कहना,
पिताजी कोई आम नहीं, वो मेरी इज्जत का गहना।
उनके त्याग और तपस्या का, कोई मोल नहीं होता है,
उनके आशीषों के आगे, हर धन छोटा होता है।
खुद कष्टों में रहकर जिसने, खुशियों का संसार दिया,
उंगली पकड़कर चलना सिखाया, जीने का आधार दिया।
उनकी डाँट में प्यार छिपा था, बातों में सीख सुहानी थी,
उनके संघर्षों की गाथा, मेरी अमिट निशानी थी।
उनके चरणों की धूल भी मेरे, माथे का अभिमान है,
पिता का होना जीवन में, सबसे बड़ा वरदान है।
पिता कभी इतिहास नहीं होते, वे संस्कारों की पहचान हैं,
उनके रहते घर ही नहीं, संतान की भी शान है।
पिता जी मेरा मान हैं सम्मान है मेरी दुनियां मेरा जहान हैं
मेरी जिंदगी,मेरी बंदगी,मेरी गरिमा,मेरे भगवान हैं
मेरे सांसो की डोरी,मेरे लहू के कतरे,मेरा अरमान है।
मेरे तन के कपड़े,मेरी तिजोरी,मेरी जान है,
मेरे पिता जी मेरे भूंख की शांति,गलतफहमी की भ्रांति,
मेरा दिमाग,मेरा चिराग,मेरा प्रेम, मेरे अनुराग हैं।
मेरे मन की शांति,दिल की कांति,मेरे नाक और कान है।
मेरे पिता जी मेरे शब्द,मेरे ज्ञान ,मेरी जुबान हैं।
पिता जी मेरे बचपन,मेरी जवानी,आते हुए बुढ़ापे की शान हैं।
वो है तो मेरा जीवन है,मेरा चूल्हा चौका,खानदान है,
वो है तो, तो मेरी शिक्षा,मेरी दीक्षा,मेरा जीवन महान है,
उनके रहने से ही मेरी रोटी मेरा कपड़ा मेरा मकान है,
वो नहीं,तो मैं कुछ भी नहीं, उन्हीं से जिंदगी का हर तजुर्बा,
हर अनुभव,हर कुशलता,हर तकनीकी, मेरी धरती,मेरा आसमान है।
जो भी है सब कुछ उन्हीं से ही तो है,आज मै जो भी हूं उन्हीं की
बदौलत ही तो हूं,मेरे शरीर का एक एक कोशिका उनकी कर्जदार है,
हरेक लम्हा उनका वफादार है,कुछ भी तो ऐसा नहीं है जो मेरा है,
अगर कुछ है तो सिर्फ मेरे आंसू है,जो उनके चरणों को मात्र धोने लिए,
उनकी याद में रोने के लिए,उन्हीं के बताए रास्ते पर चलकर
भविष्य के लम्हों को संजोने के लिए।
उनकी बताई राहों पर चलकर, भविष्य के सपने सजाऊँगा,
उनके संस्कारों की ज्योति से, जीवन-पथ चमकाऊँगा।
जब तक साँसें चलती रहेंगी, उनका गुणगान करता रहूँगा,
पिता के ऋण से मुक्त नहीं, उनके चरणों में समर्पित रहूँगा।
पिता ही मेरी पहचान हैं, पिता ही मेरा अभिमान,
उनके चरणों में समर्पित मेरा जीवन, मेरा तन-मन और प्राण है।
ईश्वर से बस यही प्रार्थना, हर जन्म में यही वरदान मिले,
पिता का साया सिर पर हो, और उनके चरणों में स्थान मिले।
-सूबा लाल ‘अंजाना’
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X