मकड़ी छोटी-सी प्राणी है, पर करती काम कमाल है,
बिना किसी औजार के बुनती, कैसा अद्भुत जाल है।
न धागे का कोई बंडल है, न करघे का सामान है,
अपनी बुद्धि और हुनर से, करती अपना काम है।
एक-एक तंतु जोड़-जोड़कर, सुंदर जाल बनाती है,
बड़ी सफाई और धैर्य से, अपनी राह सजाती है।
शिकार पकड़ना मकसद उसका, जीवन का आधार है,
छोटे से इस जीव के भीतर, कितना बड़ा विचार है।
जाल कभी जब टूट जाता है, फिर से उसे बनाती है,
हार मानकर बैठ न जाती, कोशिश नई लगाती है।
न शिकवा करती किस्मत से, न करती कभी विलाप,
मेहनत को ही धर्म मानकर, करती अपना काम।
बड़े-बड़े इंसानों को भी, सीख इससे लेना चाहिए,
केवल ऊँचे कद से नहीं, ऊँचा चिंतन करना चाहिए।
बुद्धि, धैर्य और लगन जहाँ हों, मुश्किल क्या कर पाएगी,
छोटी-सी कोशिश भी इक दिन, मंजिल तक पहुँचाएगी।
अपने जाल में खुद न फँसना, यह भी सीख जरूरी है,
चालाकी से बढ़कर जग में, सच्चाई ही पूरी है।
दूसरों को फँसाने वाला, खुद भी फँस सकता है,
अपने कर्मों का परिणाम, हर इंसान चखता है।
न साधन का रोना रोना, न किस्मत को दोष लगाना,
मकड़ी से सीखो जीवन में, अपना जाल स्वयं बनाना।
छोटा हो या बड़ा प्राणी, कर्म सभी की शान है,
बुद्धि, मेहनत और धैर्य से, बनता अपना काम है।
-सूबा लाल 'अंजाना'
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X