हार गए हो तुम मुझसे, अब इसका प्रतिकार लो
बोलो फिर कुछ, कटु शब्दों का मुझपर प्रहार करो
तारक अगर कुछ बचा न हो तो, ब्रह्मास्त्र संधान करो
लगाकर मेरे चरित्र पर लांछन, निश्चित मेरी हार करो
स्त्री से हारे पुरुषों की रीति यही पुरानी है
तथ्यों में जब टिक ना पाए तब उन्हें नीति वही दोहरानी है
चरित्र का भार सारा केवल है स्त्री के कांधे पर
व्यभिचार किया पुरुषों ने, दोष मढा़ गया स्त्रियों के माथे पर
उसी कुत्सित मानसिकता का और एक प्रमाण धरो
लगाकर मेरे चरित्र पर लांछन, निश्चित मेरी हार करो
मैं रहूंगी अडिग सत्य के पथ पर तुम जितने चाहो वार करो
उत्तर देने में सक्षम हूँ, चाहे जैसा भी मुझ पर प्रहार करो
पर होगा मूल्यांकन चरित्र का, अब एक ही कसौटी पर
इन्द्र है दोषी तो अहिल्या नहीं चढेगी बलि की वेदी पर
दोहरा मापदंड नहीं होगा, अब तुम सब ये स्वीकार करो
मातृशक्ति को पूजने वालों हर नारी का सम्मान करो
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X