सुना था कि पहाड़ों में सुकून बहुत है,
सुंदर नज़ारे, नदियाँ बहुत हैं।
शिखर ऊँचे-ऊँचे, तरुवर सुहाने,
हैं पक्षी चहकते, नदियाँ गाती तराने।
गंगा की धारा, यमुना की लहरें,
नंदा की चोटी, हिमालय यही है।
केदार-बदरी के धामों से सजकर,
फूलों की घाटी मन मोह लेती।
बुरांशों के फूलों की शोभा निराली,
ये सावन के मौसम की प्यारी हरियाली।
जो सर्दी में ओढ़े हिम-पुष्पों की चादर,
ये देवों की भूमि, ये जन्नत हमारी।
मगर अब विकास की ये कैसी है आँधी,
कि कटने लगी है यहाँ की हरियाली।
पहाड़ों की जड़ों को हिलाने लगे हैं,
अजब से ये सपने सजाने लगे हैं।
कहीं बाँध बनकर ये नदियाँ रुकी हैं,
कहीं आपदा की घटाएँ झुकी हैं।
धारों का अमृत सुखाने लगी है,
ये भूकंप का भय बढ़ाने लगी है।
सर्दी के मौसम में गर्मी बढ़ी है,
बरसात की रुत भी बिन बरसे खड़ी है।
वनों को जलाते, तरुवर को काटें,
विकास के नाम पे पहाड़ों को मिटाते।
तपाते हैं पर्वत को अपने ही स्वार्थ में,
सब कुछ गँवाया है झूठे विकास में।
न राहें सुगम हैं, न पानी मिला है,
न शिक्षा का मंदिर, न जीवन खिला है।
मरीज़ों की साँसों का कोई मोल नहीं है,
न वैद्य-हकीम, न दवा नसीब है।
जो रोज़ी की ख़ातिर ये घर-बार छोड़ा,
तो माँ-बाप से भी है नाता सा तोड़ा।
शहर की हवा का असर ऐसा देखा,
कि पुरखों के घर और ज़मीनों को बेचा।
शहरों के लोगों को पहाड़ों में बसाया,
शहरों सा ढाँचा पहाड़ों में बनाया।
खोदे पहाड़ों के सीने को चीर,
बहाया है पर्वत की आँखों से नीर।
कौन सुनेगा अब इनकी ये पीड़ा?
कैसे बचेगा ये जीवन, ये धरा?
ना बेचो ज़मीनें, ना बेचो घरों को,
बचा लो पहाड़ों के प्यारे दिनों को।
— सौरभ जोश
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X