इन ज़ुल्फ़ों की घटाओं में धुँधली होकर,
मैं प्रतीक्षा करती हूँ, तुम्हारे आने की राह निहारा करती हूँ।
कभी बादल बनकर झर-झर बरसने लगती हूँ,
कभी गंगा-जमुना बन हिमालय से नीचे उतरने लगती हूँ।
ऐ प्रिय! तुम्हें एक बार देखने को तरसती हूँ,
जी करता है, तुम्हारी छवि पाषाण पर उकेर दूँ।
लेकिन प्रिय! कला की अधिष्ठात्री माँ सरस्वती से,
मेरा कोई परिचय ही नहीं है।
जी करता है कि तुम्हारे लिए एक पत्र लिखूँ,
लेकिन शिवजी के माहेश्वर सूत्रों के आदि अक्षरों से परिचित नहीं हूँ।
शब्द तो बहुत हैं मेरे अंतर्मन में,
पर तुम्हारे नाम का उच्चारण करते ही,
केवल हलन्त ही मेरे चित्त में समाहित रह जाता है।
और तुम्हारे दर्शन के बिना,
उस हलन्त का भी लोप हो जाता है।
अब तो चित्त में यह बेचैनी दिन-प्रतिदिन बढ़ती जाती है,
प्रिय! तुम्हारी राह तकते-तकते ये आँखें भी थकती जाती हैं।
प्रिय! यह बीसवीं सदी का दौर है,
काश! मैं भी इक्कीसवीं सदी में होती।
मैसेंजर पर तुमसे बातचीत किया करती,
व्हाट्सऐप पर वीडियो कॉल किया करती,
और स्नैपचैट पर तुम्हें तस्वीरें भेजा करती।
पर प्रिय! ऑनलाइन प्रेम करके,
तुम्हारी विरहिणी बनकर मैं कैसे जी पाती?
कैसे तुम्हारे विरह की अग्नि में जलती,
और तुम्हारे प्रेम की अनुभूति से वंचित न रह जाती?
अच्छा हुआ कि मैं बीसवीं सदी के इस युग में हूँ,
तुम्हारे प्रेम के विरह में जलती भी हूँ,
और तुम्हारे प्रेम के आनंद को
अपनी आँखों में भी भरती हूँ,
अपने चित्त में भी संजोती हूँ।
— सौरभ जोशी
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X