कायरता का चोगा पहने, घूम रहे जो वीर यहाँ,
अन्याय की काली छाया, देख मूँदते आँख जहाँ॥
सत्य बेचने वाले लोगों, सुन लो यह हुंकार मेरी,
मर्यादा की बलि चढ़ाने, अब न चलेगी चाल तेरी॥
मुख पर मीठी वाणी रखकर, पीछे छुरी चलाते जो,
धर्म-कर्म का ढोंग रचाकर, अपना पेट चलाते जो॥
सावधान! ओ छद्म-वेशियों, काल-चक्र अब घूमेगा,
पाखंडी इन मस्तकों को, न्याय हमारा चूमेगा॥
लोभ-जाल के कीड़ों सुन लो, सिंह-गर्जना जागी है,
भीतर सोया हुआ वीर अब, रण का महा-अनुरागी है॥
सौ-सौ गड्डी पर बिकने की, आदत अब यह छूटेगी,
जन-जन की सोई यह ताकत, अत्याचार पर टूटेगी॥
— रोहित शर्मा भारद्वाज 'नादिर'
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X