सूट-बूट पहनकर हम भी चले हवा में उड़ने,
सस्ते टिकट के चक्कर में लगे आफत मोल लेने।
खिड़की वाली सीट मिली तो सीना गर्व से फूला,
लगा कि बादलों में झूलेंगे आज इंद्र का झूला।
तभी सामने आ खड़ी हुईं सुंदरी मुस्कुराती कली,
चेहरे पर मेकअप इतना जैसे हो मखमली।
हाथ जोड़ बोलीं, "सर, सीट बेल्ट कसकर बांधिए,
कोई तकलीफ हो तो बस घंटी दबा दीजिए।"
हमने भी चौड़ में आकर कॉलर थोड़ा तान लिया,
देसी दिल ने एयर होस्टेस को परी समान मान लिया।
बोली, "टी, कॉफी, या फिर सैंडविच कुछ लाऊं?"
हमने कहा, "लाओ जी, जरा शाही ठाठ चखाऊं।"
मगर बिल देखकर सारा नशा हवा में उड़ गया,
दो बिस्कुट के दाम में तो पूरा राशन लुट गया!
दिल पर पत्थर रख हमने पानी का घूंट भरा,
और खिड़की से बाहर देखा तो नजारा बदला जरा।
विमान के डैने पर बैठा था एक देसी कौआ काला,
मुंह में दबाए रोटी का टुकड़ा, आंखों में ठाठ निराला।
न कोई लगेज का झंझट, न टिकट की थी मार,
हवा को चीरता उड़ रहा था बनकर पहरेदार।
उसने शीशे पर चोंच मारी, जैसे मुझे पुकारा हो,
"अरे मुसाफिर! लगता है तू किस्मत का मारा हो!
तीन हजार देकर भी तू पिंजरे में घबराया है,
सीट बेल्ट की जंजीरों में खुद को ही फंसाया है।"
"देख मुझे, मैं मुफ्त में अंबर नाप के आया हूं,
बिना किसी मेन्यू के ताजी रोटी चबाया हूं।
न मुझे कोई मैडम अंग्रेजी में समझाती है,
न ही ऑक्सीजन मास्क की नौबत कभी आती है।"
कौए की बात सुनकर हमारी अक्ल ठिकाने आई,
तभी पीछे से एयर होस्टेस फिर मुस्कुराती आई।
बोली, "सर, खिड़की पर ये क्या ध्यान लगा रहे हैं?
क्या बादलों के बीच कोई सपना सजा रहे हैं?"
हमने हाथ जोड़े और नम्रता से फरमाया,
"मैडम जी, इस खिड़की ने मुझे असली ज्ञान सिखाया।
आपकी ये मीठी मुस्कान और चाय बड़ी महंगी है,
मुझसे तो भला वो कौआ है, जिसकी उड़ान पूरी चंगी है!"
हंस पड़ी वो सुंदरी भी, कौआ भी ‘कांव’ कर उड़ चला,
और हम हवाई मुसाफिर, अपना खाली बटुआ सहलाते रहे भला!
-रमेश मेंदीरत्ता
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X