सोने के कंगन-सी खनके, बरसाने की बात सुनो,
राधा के चरणों की महिमा, प्रेम भरी सौगात सुनो।
उनकी छाया भर पड़ने से, श्याम हरियरा जाते थे,
मुझ पर भी कुछ छाँव छोड़ दो, अपना आशीष जोड़ दो।
बरसाने की गलियों में, आज भी प्रेम की धारा है,
राधा नाम की गूँज में, वृंदावन भी प्यारा है।
जिस ओर उठी उनकी नज़रें, फूल वहीं खिल जाते हैं,
सूखे मन के आँगन में भी, सावन उतर आते हैं।
मोरपंख की छाँव तले, मन को अब विश्राम मिला,
मुरली की मीठी तान में, जीवन का पैग़ाम मिला।
श्याम भी जिनके प्रेम में, अपना आप भुलाते थे,
उन राधा के प्रेम से ही, रंग नया पाते थे।
मैं भी तेरी चौखट पर, कुछ अरमान लिए आया हूँ,
मन की सारी थकन समेटे, तेरे द्वार चला आया हूँ।
न धन माँगूँ, न वैभव माँगूँ, बस इतनी सौगात रहे,
तेरी कृपा की छाँव मिले और मन में कुछ बरसात रहे।
राधे, मेरे हिस्से में भी थोड़ा-सा उजास रखो,
भटके हुए इस मन के लिए प्रेम का आकाश रखो।
रतन की इतनी विनती है, खाली हाथ न लौटाना,
अपने चरणों की धूल से हम सबका जीवन महकाना।
-रतन कुमार कैथवास
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X