आप अपनी कविता सिर्फ अमर उजाला एप के माध्यम से ही भेज सकते हैं

बेहतर अनुभव के लिए एप का उपयोग करें

विज्ञापन

तेरा थोड़ा सा मिल जाना, सब कुछ पा लेने के समान

                
                                                         
                            प्रार्थना केवल दुःख में ही, प्रभु को याद करना नहीं,
                                                                 
                            
सुख की बेला में भी झुकना, कोई छोटी साधना नहीं।
जब मन आनंद से भर जाए, तब भी उसका ध्यान रहे,
हर धड़कन में कृतज्ञता हो, हर साँस में सम्मान रहे।
जो हँसते हुए प्रभु को चाहे, उसका प्रेम निराला है,
प्रार्थना कोई माँग नहीं, आत्मा का उजियाला है।

अपने मन के तम को लेकर, कब तक द्वार खटखटाओगे,
अंतर की ज्योति जलाकर, कब ख़ुद को पहचानोगे?
आँसू लेकर आए हो तो, मुस्कान भी साथ लाना,
दर्द सुनाने से पहले, सुख का गीत भी गाना।
जो रोते-रोते माँगता है, वह हँसना भी सीख ले,
प्रभु के संग मिलन की ख़ातिर, मन का हर बंधन खोल दे।

मंदिर जाकर ख़ुद को छोटा, औरों से अधम न बताना,
प्रभु के सम्मुख झुकना लेकिन, ख़ुद को कभी न गिराना।
न स्वर्ग माँगना, न दौलत, न यश का कोई उपहार,
बस उस अदृश्य सत्ता से हो, आत्मा का साक्षात्कार।
प्रार्थना में सौदा कैसा, कैसी चाहत, कैसा हिसाब,
प्रेम जहाँ निष्काम हो जाए, वहीं खुलें प्रभु के द्वार।

शब्दों से क्या कहोगे उनको, जो मन की भाषा जानते हैं,
होंठों से पहले उठती धुन को, जो भीतर पहचानते हैं।
पर्वत की चुप्पी में सुनना, नदियों की रवानी में,
वन के गहरे मौन में सुनना, पत्तों की कहानी में।
रात के सन्नाटे में भी, कोई गीत सुनाई देता है,
हृदय अगर निर्मल हो जाए, प्रभु भीतर से बोलता है।

हे प्रभु, तुझसे क्या माँगें हम, जब सब कुछ तेरा है,
यह जीवन, इसकी हर धड़कन, सब प्रतिबिंब तेरा है।
मन में उठती हर अभिलाषा, तेरी ही प्रेरणा है,
अँधियारे में दीप जलाना, तेरी ही चेतना है।
तू ही हमारी चाहत है और तू ही हमारा विश्वास,
तुझसे तुझको माँग रहे हैं, यही प्रार्थना, यही अरदास।

तेरा थोड़ा-सा मिल जाना, सब कुछ पा लेने के समान,
तेरे भीतर खो जाएँ हम, यही हमारी पहचान।
-रतन कुमार कैथवास
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
3 घंटे पहले

कमेंट

कमेंट X

😊अति सुंदर 😎बहुत खूब 👌अति उत्तम भाव 👍बहुत बढ़िया.. 🤩लाजवाब 🤩बेहतरीन 🙌क्या खूब कहा 😔बहुत मार्मिक 😀वाह! वाह! क्या बात है! 🤗शानदार 👌गजब 🙏छा गये आप 👏तालियां ✌शाबाश 😍जबरदस्त
विज्ञापन
X
बेहतर अनुभव के लिए
4.3
ब्राउज़र में ही

अब मिलेगी लेटेस्ट, ट्रेंडिंग और ब्रेकिंग न्यूज
आपके व्हाट्सएप पर