ज़िंदगी क्या रेल की पटरियों जैसी हो गई है,
एक ही दिशा में भागती, कहीं ठहरती नहीं है।
सोचा कभी गन्ने के रस-सा कुछ नया बनाया जाए,
मिठास बाँटकर जीने का कोई नया रास्ता अपनाया जाए।
गन्ने ने कहा, मुझे देखो, पहले पेरना पड़ता है,
तभी तो मेरे भीतर का मीठापन बाहर निकलता है।
मुश्किलों की मशीन से जो मुस्कुराकर गुजर जाता है,
वही अपने अनुभवों से नया मीठा स्वाद बनाता है।
कभी नींबू मिला दो, कभी अदरक का संग कर लो,
कभी पुदीने की ठंडक से मौसम को रंगीन कर लो।
एक ही रस में कितने रंग पैदा हो सकते हैं,
ज़िंदगी में भी नए प्रयोग बड़े खूबसूरत हो सकते हैं।
पटरी पर चलना मजबूरी है, तो दिशा बदलना सीखो,
रोज़ वही मंज़िल नहीं, नया रास्ता चुनना सीखो।
वक्त के कोल्हू में पिसकर ग़म का शरबत मत बनना,
अपने हिस्से की मिठास से किसी का दिन बदलना।
ज़िंदगी कोई रेल नहीं कि पटरी बदल न सके,
गन्ना भी पिसकर अपनी मिठास खो न सके।
हालात चाहे जैसे हों, हुनर ज़िंदा रखना,
हर कड़वे अनुभव से कुछ मीठा नया रचना।
-रतन कुमार कैथवास
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X