मुझे लाठी और बंदूक से मित्रता किए पुरुषों से ज़्यादा बुरी
लगी घूँघटों से मित्रता की हुई स्त्रियाँ
वो महिलाएँ, जिन्होंने संघर्ष नहीं
शृंगार चुना
बदनामी नहीं, अत्याचार चुना,
चुना नहीं खुद को जिन्होंने
जिन्होंने स्वयं को नहीं, संसार चुना
क्या चुन पाईं तुम भविष्य अपना?
क्या पूरा हुआ बचपन का सपना?
क्यों आगे अब नहीं आती हो?
बोलने से पहले घबराती हो?
डरती हो, कतराती हो
तुम तो बेबाक हुआ करती थीं
मीठे गोलों पे मरती थीं
तीखी बोली से न डरती थीं
तो अब?
एक हार ने तुमको तोड़ दिया?
आशाओं को पीछे छोड़ दिया?
फिर से आँख उठाओ तुम
हिम्मत कर गुर्राओ तुम
वो हार है, जीती जाएगी,
तुम्हारी मेहनत रंग लाएगी
क्या मार दिया है
अंदर की नारी को?
दिन भर सजाती रहती हो
उस पुरानी धूल वाली अलमारी को
पिया के प्रेम से बाहर आओ तुम
बोलो, मत कतराओ तुम
स्वयं को चुनना सीखो तुम
अतीत से बाहर आओ, जीतो तुम..
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X