नक़ली नोटों की क्या बिसात?
तुम हमें असली नोटों से भी नहीं ख़रीद सकते
मेरी ग़रीबी, मेरी बेबसी, मेरी मजबूरी
एक बार को तो चाहेगी कि मैं उन्हें ले लूँ
मगर मेरा स्वाभिमान मुझे रोक लेगा
वही स्वाभिमान जिससे हर ग़रीब को
अमीरी का एहसास हुआ करता है
मैं तुमसे कहता हूँ कि
पद और प्रतिष्ठा के लालच से भी
तुम हमें नहीं ख़रीद सकते
क्यूँकि हम वहाँ नहीं होना चाहते
जहाँ हमें कमतरी का एहसास होता हो
हम बहुत अच्छे से जानते हैं कि
हमें कब कहाँ होना चाहिए और कहाँ नहीं
मगर हम दौड़े चले आते हैं उस जगह
जहाँ हमें ज़रा भी प्रेम की उम्मीद होती है
प्रेम के नाम पर हम ख़ूब ठगे गए हैं
प्रेम की चाह में हम कई बार लुटे हैं
हम ख़ुद को लाख समझाएँ
चाहे तुम हमें लाख समझाओ
स्वयं को खिंचने से नहीं रोक सकते
जिधर भी हमें कोई प्रेम से पुकार ले
प्यार हमारी कल्पना से भी कहीं ऊँचा है
अपने नक़ली रूप में भी इतना शक्तिशाली है
कि हमें महीनों ख़ुश रख सकता है
बहुत ख़ुशनसीब हैं वो लोग
जिन्होंने चखा है असली प्रेम
जिस दिन असली प्रेम जीवन में आएगा
मुझे तो लगता है मैं पागल ही हो जाऊँगा
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X