अब कविता चाँद-सितारों की बातें नहीं करती,
वह शहर की भीड़ में खोए चेहरों को पढ़ती है।
पूछती है उस आदमी से—
जो हर सुबह मुस्कुराकर घर से निकलता है,
और हर शाम, बिना किसी को बताए, थोड़ा और टूटकर लौटता है।
अब कविता सिर्फ़ कागज़ पर नहीं ठहरती,
कभी मोबाइल की स्क्रीन पर उतर आती है,
कभी किसी अधूरे मैसेज के ‘टाइपिंग…’ में अटक जाती है,
तो कभी ‘ऑनलाइन’ दिखते किसी अपने की खामोशी में बिखर जाती है।
वक्त भी कैसा अजीब मोड़ ले आया है,
यहाँ रिश्ते अब स्टेटस से तौले जाते हैं।
अपनों के लिए दो पल का वक्त नहीं,
पर दुनिया को दिखाने के लिए हज़ारों लफ़्ज़ सजाए जाते हैं।
किसी के पास महँगी गाड़ी है, किसी के पास पैदल चलने का हौसला,
किसी के पास ऊँची इमारतें हैं, किसी के पास बस खुला आसमान।
मगर हर दिल के भीतर एक ही सवाल धड़कता है—
क्या सचमुच हम खुश हैं? या बस मुस्कुराने की आदत डाल ली है?
अब कविता सिर्फ़ गीत नहीं, एक बेचैन पुकार भी है,
यह भीतर की आवाज़ भी है, और बाहर की चुप्पी पर दस्तक भी।
व्यवस्था से सवाल करती है, और खुद के आईने से भी जवाब माँगती है—
मैं ऐसी कविता लिखना चाहता हूँ,
जो तालियों की गूँज न चाहे,
किसी नम आँख में एक धीमी-सी उम्मीद जगा दे,
किसी थके हुए कदम को फिर से चलने की वजह दे,
और जो बोल नहीं पाते, उनकी खामोशी को आवाज़ दे।
जो बेझिझक सच कह सके,
जो बिखरते रिश्तों में थोड़ी-सी नमी बचा सके,
जो दूर होते हाथों को फिर से थाम सके,
और भीड़ में खुद को भूल बैठे इंसान को उसका अपना चेहरा दिखा दे।
क्योंकि आधुनिक होना सिर्फ़ नए शब्दों का ओढ़ना नहीं है,
अपने समय के दर्द को सीने से लगाकर सच कहने का साहस है।
कविता तब भी ज़िंदा थी, जब इंसान पत्थरों पर अपनी पीड़ा उकेरता था,
आज भी ज़िंदा है, जब वह अपनी ही स्क्रीन पर अपने होने का अर्थ ढूँढता है।
कविता का रूप बदला है, माध्यम बदला है,
पर उसका धर्म आज भी वही है—
मनुष्य के भीतर के मनुष्य को ज़िंदा रखना!
-राकेश रंजन
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X