फिर एक बार मेरा तबादला हो गया,
फिर एक बार घर से फ़ासला हो गया।
जिस घर में शाम को लौटने की आदत थी,
वही घर अब कुछ दिनों का ख़्वाब हो गया।
अलमारी में रखे कपड़े फिर से निकल आए,
कुछ पुराने ख़त, कुछ तस्वीरें साथ हो आए।
माँ ने फिर वही सवाल आँखों में रख लिया,
और पिता ने ख़ामोशी से सब बर्दाश्त कर लिया।
ये नौकरी भी अजीब दस्तूर रखती है,
रोटी तो देती है, मगर घर दूर रखती है।
तनख़्वाह हर महीने खाते में आ जाती है,
मगर अपनों के साथ गुज़री शाम लौटकर नहीं आती है।
कभी किराए का कमरा, कभी नया शहर,
कभी अनजान रास्ते, कभी अनजान सफ़र।
हर जगह एक बिस्तर तो मिल जाता है,
मगर घर जैसा सुकून कहाँ मिल पाता है।
लोग कहते हैं, सरकारी नौकरी है, क्या कमी है?
उन्हें क्या पता, इस मुस्कुराहट में कितनी नमी है।
किसी को ओहदा दिखता है, किसी को तनख़्वाह,
कोई नहीं देखता घर लौटने की अधूरी चाह।
हम भी चाहते हैं कि त्योहार घर पर मनाएँ,
बिना छुट्टी गिने अपनों के बीच मुस्कुराएँ।
मगर फ़र्ज़ की राह में कुछ ऐसा बंधा हूं,
अपने ही घर में कईं बार मेहमान बना हूं।
अब फिर एक नए शहर में ठिकाना बनाना है,
पुराने शहर की यादों को सीने में छुपाना है।
न जाने कब ये तबादलों का सिलसिला थमेगा,
कब नौकरी के साथ-साथ घर भी अपना रहेगा।
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X