अजीब पागलपन है ये प्रेम का,
दिलबर को पाना है हर हाल में।
ख़बर नहीं ओट में छिपे धोखे की,
दीवानी फिर भी उसी के ख़याल में।
नादान है तेरी समझ अभी वफ़ा की,
जुमे की मुलाक़ात पे इतना ऐतबार?
देखी नहीं रीत तूने अभी ज़माने की,
मतलब निकलते ही, हैं टूटे इक़रार।
घर से रोज़ निकलते वक़्त जो पिता,
पत्नी से पहले, बेटी से पूछता।
लाना क्या है बाज़ार से पसंद बता,
बेटी के दुलार की क्या यही है खता?
ढूँढ़ रहा वर राजकुमार की तरह,
पलकों में संजोए महलों का सपना।
करूँगा तुझे विदा परियों की तरह,
ख़्वाब है यह मन में बरसों से उनका।
सोचा है कभी माँ-बाप के बारे में,
तेरे जीवन के लिए मिटाया खुद को।
कमी क्या रखी है तेरे अरमानों में?
जो गिराया ज़माने की नज़रों में उनको।
अपनी बेटी की तमन्ना के लिए,
मौका देती, शायद मान भी जाते।
तुम्हारे इस कदम से क्या गुज़रेगी
उनके दिल पर, ज़रा विचार कर लेती।
वंचित न कर तू मात-पिता को,
कन्यादान के उनके अधिकार से।
बेमन से ही सही तेरी डोली को,
विदा करते चँवरी सजा के घर से।
-राधेश्याम खटीक
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X