आ जरा तू थम यहाँ जब हो न कोई पास।
गूंजते हैं गीत मेरे पर्वतों के पास।
रास्ते दिखने लगें जब विजन अजाने से
ना सुने जब बात कोई लाख सुनाने से
चल दिए उठ कर सभी झूठे बहाने से
छोड़ दे वह राह ना बन समय का ग्रास।
गूंजते हैं गीत मेरे पर्वतों के पास।
दूर तक हो गूँजता जब शून्यता का शोर
हो गहन तम चहुँ ओर ना दिख रही हो भोर
टूटता हो तन मनोबल हो रहा कमजोर
हार दिखती सामने तू चाहता हो आस।
गूंजते हैं गीत मेरे पर्वतों के पास।
स्वप्न की धुन में थिरकते खुशनुमा हैं गीत
आस की सुर ताल गूँजे हर दुखी के मीत
सूने भटकते हृदय को प्राण दे संगीत
पा गए निज ठांव जो खो बैठे आवास।
गूँजते हैं गीत मेरे पर्वतों के पास।
भूल जा वे क्षण तुझे दे कर गए जो पीड़
जो दे रहा अवमानना त्याग दे वह नीड़
तोड़ती जो गर्व तेरा छोड़ दे वह भीड़
डाल डेरा तू जहाँ हो प्रेम और विश्वास।
गूंजते हैं गीत मेरे पर्वतों के पास।
आ चला आ पा सकेगा प्रेम करते मीत
होती नहीं अवहेलना बस प्रीत की है रीत
आएगा हारा हुआ ले जाएगा बस जीत
हार आया बल न डर, मिलेगा आश्वास।
गीत मेरे गूंजते हैं पर्वतों के पास।
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X