आजाद नज़्म
वह पहली मर्तबा था
जब निगाहों का कोई परिचय नहीं था,
मगर आँखों के दरमियाँ
एक अजीब-सी कशिश जन्म ले चुकी थी।
तुम सामने से गुज़रीं
तो पलकों ने अपनी रफ़्तार बदल ली,
मैंने भीड़ में बहुत चेहरे देखे थे,
मगर उस रोज़
मेरी तवज्जोह सिर्फ़ तुम पर ठहर गई।
तुम्हारी आँखों में
कोई पुरअसरार कैफ़ियत थी,
जिसे पढ़ने के लिए
मेरे पास न तजुर्बा था, न कोई दलील।
कभी निगाह उठती,
कभी झिझक के पर्दे में सिमट जाती,
और उन चंद लम्हों के बीच
एक अनकही गुफ़्तगू आकार लेने लगी।
न तुम्हारा नाम मालूम था,
न तुमसे कोई शनासाई थी,
बस एक चेहरा था
जो मेरी रोज़मर्रा की मशग़ूलियत में
अचानक शामिल हो गया था।
अजीब इत्तिफ़ाक़ था,
तुम्हारी तरफ़ देखना अब
सिर्फ़ एक संयोग नहीं रहा,
मेरी निगाहें अनायास ही
तुम्हारी मौजूदगी की तस्दीक़ करने लगी थीं।
तब कहाँ मालूम था
कि यह मामूली-सा आकर्षण
आने वाले दिनों में
कितने अनगिनत एहसासों का
मुक़द्दमा बनने वाला है।
अभी तो सिर्फ़ नज़रें मिली थीं,
अभी कोई पैग़ाम नहीं पहुँचा था,
मगर नवीं के वीराने दिल में
किसी अनजान आहट ने
अपनी पहली दस्तक दे दी थी।
- प्रेमयाद कुमार नवीन
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X