हाजत से बढ़ के मुझको कहीं पर नहीं मिला
दरिया मिले हज़ार समंदर नहीं मिला
मंज़िल जो मिलती यार भी हो जाते हासिदीन
अच्छा हुआ मुझे कोई रहबर नहीं मिला
कलियां निसार होने को बढ़ती रहीं मगर
जिसकी तलाश थी वह गुले-तर नहीं मिला
अहसन है वह ज़हीन है और बेनज़ीर भी
बस उसको इक वफ़ा का ही ज़ेवर नहीं मिला
वादा ख़िलाफ़ी और बहाना बनाने में
मुझको कोई भी आपसे बेहतर नहीं मिला
लगता है नेक लोग कुछ आए हैं शह्र में
राहों में आज कोई भी पत्थर नहीं मिला
मुझ में जो रोज़ एक नया ग़म उभरता है
आता कहां से है कभी मेहवर नहीं मिला
हालात मुन्कशिफ़ न हों मेरे किसी प भी
मैं इसलिए किसी से भी खुलकर नहीं मिला
॥नाज़िश॥ तमाम उम्र ही ख़्वाहिश में कट गई
लेकिन कभी सुकून का बिस्तर नहीं मिला
-नाज़िश बाराबंकवी
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X