आओ मिलकर दीप जलाएँ, मन के अँधियारे दूर भगाएँ, रूठे चेहरों को फिर से हँसाएँ, प्रेम के कुछ फूल खिलाएँ।
न कोई शिकवा, न हो शिकायत, हर दिल में हो नई मुहब्बत, नफरत की दीवारें ढहाएँ, आओ दिवाली मनाएँ हम।
मिट्टी के दीपों की लौ में, सपने सजें हर आँखों में, बचपन वाली खुशी लौटाएँ, फिर से वही उत्सव अपनाएँ।
न धन का हो कोई अभिमान, न ऊँच-नीच का कोई निशान, मिलकर सबके घर मुस्काएँ, आओ दिवाली मनाएँ हम।
कुछ दीप जलें उन नामों के, जो दूर हुए अपने गाँवों से, कुछ दीप जलें उन राहों में, जो खो गए जीवन की चाहों में।
भूखे को भोजन, प्यासे को पानी, यही हो सबसे सुंदर कहानी, इंसानियत का दीप जलाएँ, आओ दिवाली मनाएँ हम।
पटाखों से नहीं, मुस्कानों से, रोशन हों घर अरमानों से, धरती का भी मान बढ़ाएँ, स्वच्छ हवा के दीप जलाएँ।
हर आँगन में सुख बरसाएँ, हर चेहरे पर रंग सजाएँ, अंधकार से लड़ना सिखाएँ, आओ दिवाली मनाएँ हम।
-मुकेश कुमार बिस्सा
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X