ग़ज़ल
इस तरह भी तो गवारा है मुझे
एक तिनका भी सहारा है मुझे
धड़कने तेज़ क्यूँ हुई दिल की
क्या कहीं उसने पुकारा है मुझे
इश्क़ में जिसके गिरफ्तार हूँ मैं
शख़्स वो जान से प्यारा है मुझे
इश्क़ ने यूँ भी इम्तिहान लिया
जलते शोलों से गुज़ारा है मुझे
उसकी चाहत में सुलगता ही रहा
अब कहीं जा के निखारा है मुझे
जिस किनारे पे मिला करते थे
घूरता अब वो किनारा है मुझे
जिसको छूने से शहर ख़ाक हुआ
याद अब भी वो शरारा है मुझे
उसको मालूम थी मेरी ताक़त
उसने तो धोखे से मारा है मुझे
देके इल्ज़ाम-ए-बेवफ़ाई जलाल
मौत" के घाट उतारा है मुझे
-जलाल-सहारनपुरी
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X