छठ महापर्व
छठ प्रतीक हमारी पहचान का,
संस्कारों का, संस्कृति के मान का।
प्रकृति-प्रेम, श्रद्धा और वंदन का,
धरती-अम्बर के अभिनंदन का॥
यह पर्व है तन-मन की पावनता का,
आत्मा की निर्मल साधना का।
निष्ठा, संयम और शुद्ध विचार का,
प्रकृति के प्रति कृतज्ञ पुकार का॥
महापर्व है अनंत आस्था का,
लोक-विश्वास और परिभाषा का।
अद्भुत पूजन, अनुपम श्रृंगार,
संध्या अर्घ्य और उषा का सत्कार॥
पूजन है यह सूर्य और छठी मैया का,
पहला अर्घ्य अस्ताचल सूरज को,
दूसरा उगते नव प्रभात को॥
सिखलाता यह जीवन का सार,
दुख के बाद सुख का संसार।
हर अंधियारा एक दिन ढलता है,
नई सुबह का सूरज निकलता है॥
यह जीवन-चक्र का अभिनंदन है,
आशा का मधुर स्पंदन है।
सुख-दुख दोनों साथ निभाते हैं,
उम्मीदों के दीप जलाते हैं॥
चार दिवस का तप और साधना,
छत्तीस घंटे की कठिन आराधना।
निर्जला व्रत, त्याग अपार,
भक्ति-भाव का अद्भुत विस्तार॥
संकल्पों का दृढ़ निर्वहन है,
धैर्य, तपस्या और समर्पण है।
व्रती माँगे मंगलमय वरदान,
संतानों का उज्ज्वल कल्याण॥
परिवार में सुख-समृद्धि आए,
स्वास्थ्य, सौभाग्य सदा मुस्काए।
हर घर में खुशहाली का वास हो,
जीवन में शुभता का प्रकाश हो॥
यह महापर्व परंपरा का मान,
भारत की गौरवमयी पहचान।
आध्यात्म और संस्कृति का संदेश,
प्रेम, समरसता और श्रद्धा विशेष॥
ऐसा अनुपम पर्व सुहाना है,
जिसने पूरे भारत को सजाना है।
भक्ति-रस में डूबा जन-जन सारा,
गूंजे "छठी मैया" का जयकारा॥
-मेदनी कान्त झा "राजस्वरूप"
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X