पत्थर पर भी उग जाती हैं
पतझड़ में भी खिल जाती हैं
फूल सी नाज़ुक लड़कियां
बिना नीर के
अश्कों को पीकर भी जी जाती हैं
टूटकर भी टूटती नहीं,
रूठकर भी रूठती नहीं
ये वो दीपक हैं जो
बुझकर भी कभी बुझती नहीं
ज़िम्मेदारियों की चादर में सिमटी
ख़ुद को न ढूंढ पातीं हैं
उलझी रहतीं खुद कांटों में
दूसरों के लिए फूल बिछाती हैं
अपने अश्कों को
पलकों में छुपा
दूसरों के चेहरों पर
मुस्कान सजाती हैं
कुछ इस तरह लड़कियां
लड़की होने का
दायित्व निभातीं हैं
अपने सपने को भूल कर
अपनों के सपने संवार देती हैं
खुद के सपनों की आहुति देकर
अपनों के ख्वाब सजाती हैं
कुछ इस तरह एक लड़की
अपने अरमान धुएं में उड़ाती है
जमीं क्या आसमां छूने की
ताकत रखतीं हैं
अपने मज़बूत हौसलों से
दूसरों को भी हौसला देतीं हैं
कैसे कह दूँ कि लड़कियां
कमज़ोर होतींं हैं
चट्टान की तरह मज़बूत
और फूल सी नर्म होतींं हैं
दृढ़ निश्चय दृढ़ संकल्प से
जग जीत लेती हैं
इनके मुस्कुराने से ही
सृष्टि में उजाला होता है
इनके नर्म हाथों में ही
खुशियों का खजाना होता है
पत्थर पर भी उग जाती हैं
पतझड़ में भी खिल जाती हैं
फूल सी नाज़ुक लड़कियां
बिना नीर के
अश्कों को पीकर भी जी जाती हैं।।
-ममता तिवारी
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X