मुझे आज तो अपने दिल की बात कहने दो,
मेरी आँखों में झूठी आशा के सपने ही बहने दो।
हूँ मैं थोड़े दिन का मेहमान इस धरती पर,
मुझे हँसते-हँसते यह लाइलाज बीमारी भी सहने दो।
मेरे पास समय कम है, और बातें करनी हैं बहुत,
मेरी ही सुनो, अपनी बात कम से कम रहने दो।
तुम्हें तो मौके मिलेंगे बहुत बोलने के मेरे जाने के बाद,
तुम भी समझो अब, और दूसरों को भी समझने दो।
हूँ मैं साधारण इंसान, एक अंतिम इच्छा मेरी भी रहने दो,
मेरे जाने के बाद मुझे तस्वीर में न पूजकर, अपने दिल के कोने में ही बसने दो।
कुछ दान मुझे भी करने दो, थोड़ा पुण्य मेरे हिस्से में भी रहने दो,
मेरे कर्मों के फल मुझे ही भुगता कर, आज प्रभु को मुझे पवित्र करने दो।
ज़िंदगी भर जीने के लिए पीया और केवल पीया,
एक जाम मौत के नाम पीकर, मुझे आज की शाम रंगीन करने दो।
बहुत नसीहतें मुझे इस दुनिया से मिलीं, छोड़ो, पुरानी बातें अब रहने दो,
एक आखिरी नसीहत मेरी मानो तो—शराब को शौक ही रखो, लत मत बनने दो।
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X