आप अपनी कविता सिर्फ अमर उजाला एप के माध्यम से ही भेज सकते हैं

बेहतर अनुभव के लिए एप का उपयोग करें

विज्ञापन

कर्म-तपस्या (भाग - 2)

                
                                                         
                            गहरी मिट्टी में दबकर ही,
                                                                 
                            
बीजों ने नवजीवन पाया।
अँधियारे से लड़कर ही तो,
सूरज ने जग को चमकाया।

बिना तिमिर का सीना चीरे,
रवि का भी उजियार कहाँ है?
तपे बिना इस कर्मभूमि में,
बोलो जय-जयकार कहाँ है?।।

जहर पिया मीरा ने हँसकर,
सारे जग के ताने खाए।
चढ़े धधकती अग्नि प्रह्लाद,
तब जाकर श्रीहरि मुस्काये।

बिना परीक्षा प्राणों की तो,
ईश्वर का भी प्यार कहाँ है?
तपे बिना इस कर्मभूमि में,
बोलो जय-जयकार कहाँ है?।।

एकलव्य ने हँसते-हँसते,
निज अंगूठा काट चढ़ाया।
श्रद्धा की वेदी पर उसने,
सर्वोच्च गुरु-भक्ति को पाया।

बिना लहू की इस आहुति के,
निष्ठा का अधिकार कहाँ है?
तपे बिना इस कर्मभूमि में,
बोलो जय-जयकार कहाँ है?।।


पर्वत का अभिमान तोड़कर,
नदियां अपना मार्ग बनातीं।
काँटों की छाती पर चलकर,
कलियाँ फूलों सी मुसकातीं।

जो तूफानों से ना टकराए,
उस नौका का पार कहाँ है?
तपे बिना इस कर्मभूमि में,
बोलो जय-जयकार कहाँ है?।।

धनुष उठाया जब श्री राम ने,
सागर ने तब राह दिखाई।
वरना तीन दिवस तक उसने,
अनुनय की ही भाषा पाई।

बिना उठाए शस्त्र हाथ में,
कायर का निस्तार कहाँ है?
तपे बिना इस कर्मभूमि में,
बोलो जय-जयकार कहाँ है?।।

अंतर्मन के कुरुक्षेत्र में,
तुझको ही गांडीव उठाना।
अपने भीतर के कौरव को,
तुझको ही तो मार गिराना।

पौरुष की हुंकार बिना तो,
तेरा बेड़ा पार कहाँ है?
तपे बिना इस कर्मभूमि में,
बोलो जय-जयकार कहाँ है?।।
-भानु शर्मा रंज
 
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
2 महीने पहले

कमेंट

कमेंट X

😊अति सुंदर 😎बहुत खूब 👌अति उत्तम भाव 👍बहुत बढ़िया.. 🤩लाजवाब 🤩बेहतरीन 🙌क्या खूब कहा 😔बहुत मार्मिक 😀वाह! वाह! क्या बात है! 🤗शानदार 👌गजब 🙏छा गये आप 👏तालियां ✌शाबाश 😍जबरदस्त
विज्ञापन
X
बेहतर अनुभव के लिए
4.3
ब्राउज़र में ही

अब मिलेगी लेटेस्ट, ट्रेंडिंग और ब्रेकिंग न्यूज
आपके व्हाट्सएप पर