वक़्त की मुट्ठी से जब रेत फिसलने लगती है,
ख़्वाहिशों के पाँव में जब थकन उभरने लगती है,
तब रूह के तन्हा आँगन में…
चुपचाप, जमीं की साँस थाम,
एक सब्र का पौधा उगता है।
उसे सुब्ह की धूप चुराने की कोई जल्दी नहीं होती,
न सावन की साज़िश से कोई गिला होता है,
वह अपनी जड़ों की उँगलियों से
वक़्त के तलवों को सहलाता है,
और सदियों की ख़ामोशी ओढ़कर…
चुपचाप बड़ा हो जाता है।
अजीब सलीका है उस बूटे का,
वह रात भर ओस की बूंदों में अपनी तल्ख़ियाँ धोता है,
और दिन के सारे कोलाहल को पीकर…
पत्तियों की ओट में इक गहरा सुकूँ बुनता है।
जब ज़िंदगी तपते कोयले देती है,
वह मखमली साए फैलाकर
उन्हें ठंडी छाँव कर देता है।
वह जानता है कि कुदरत की स्याही कभी रूठती नहीं,
तक़दीर के कोरे सफ़े पर
धुंधलके के बाद उजाला ही लिखा है।
इसीलिए वक़्त के खुरदरे पन्नों को
वह बिना शिकन के पलटता जाता है।
और फिर इक रोज़…
जब सब्र की शाख़ें पूरी तरह पक जाती हैं,
उस पर इक मीठा फल उतरता है।
वह फल नहीं… सदियों की प्यास का कतरा है,
इतना मीठा… कि ज़िंदगी के कड़वे घूँट
ज़ुबाँ पर आते ही चाशनी हो जाते हैं।
इतना सुकोमल… जैसे सूफ़ी का आख़िरी सिजदा,
जो रूह की सारी दरारें भर देता है।
सुनो 'कपिल', यह पौधा कोई कमज़ोरी का इस्तिहार नहीं,
यह तो मन के भीतर बहती इक अदृश्य नदी है,
जिसका पानी कभी खारा नहीं होता।
तभी तो कहते हैं…
इसके मखमली साए में बैठने वालों को,
वक़्त फिर कभी बूढ़ा नहीं कर पाता।
-कपिल देव जुल्का
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X