रिश्तों की इस नाज़ुक डोर को इतना भी मत खींचो,
कि घर अपना ही हो, पर अंदर आने से पहले सोचना पड़े।
हर एक चुप्पी के पीछे कोई अनकहा-सा दर्द छुपा है,
सँभाल लो इस वक़्त को, कहीं ऐसा न हो कि सब कुछ बिखर जाए।
ये दीवारें जो हमने ईंटों से नहीं, अपनी नाराज़गी से बनाई हैं,
इन्हें गिराने के लिए अब कोई तो क़दम उठाना होगा।
अपनों के ही आँगन में अजनबी बनकर खड़े रहने से अच्छा है,
कि पुराने ग़म भुलाकर सही, पर एक बार फिर मुस्कुराना होगा।
वो वक़्त और था जब बिना कहे ही सब समझ आ जाता था,
अब तो हज़ार बातों के बीच भी अपनेपन को ढूँढना पड़ता है।
ये कैसी अकेली-सी हवा चली है हमारे दरमियाँ,
कि खुली हुई खिड़कियों से भी ताज़ी साँस को तरसना पड़ता है।
बग़ावत करनी है तो इस अनबन के ख़िलाफ़ करो ऐ 'कपिल',
कि अपनों की भीड़ में कोई पराया-सा न नज़र आए।
रखो इतनी-सी जगह हर रिश्ते के दिल में बाक़ी,
कि दरवाज़ा खुला हो, तो किसी को खटखटाना न पड़े।
-कपिल देव जुल्का
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X