सत्तासी(1987) की वो सर्द शामें, और बस्तर की लाल मिट्टी,
जहाँ लोहे के सीने से, मैंने एक हीरा तराशा था...
बस्तर की उन पथरीली, लोहे की खदानों में,
धूल के नीचे दबी, एक चमक सी मिली थी,
सत्तासी का वो साल था, जब वक़्त की मुट्ठी से,
मेरे हिस्से की सबसे ख़ूबसूरत, एक धूप खिली थी।
कहते हैं लोहे की कोख से, सिर्फ़ सख़्ती निकलती है,
मगर मेरी हथेली पर, एक नर्म सा हीरा आया था,
अलका... नाम ही जैसे, किसी भोर की लाली हो,
कपिल ने अपनी दुनिया में, एक पूरा आसमान बसाया था।
उस हीरे की रोशनी से, फिर आँगन हमारा महक उठा,
शाखों पर फूल खिले, और घर का हर कोना चहक उठा,
बेटी स्वागती की मुस्कान में, तुम्हारा ही अक्स उतर आया,
और रजत सा बेटा पाकर, इस रिश्ते ने नया मान पाया।
अभिनंदन ने आकर घर की, रौनक़ को और बढ़ाया है,
प्रियंका ने अपनी ममता से, इस बगिया को सजाया है,
अब तो समाइरा की किलकारियों, और अगस्त की शरारतों में,
हमारा बीता हुआ कल, फिर से मुस्कुराता नज़र आया है।
पैंसठ बरस... ये महज़ गिनती के कुछ पन्ने नहीं हैं,
ये तुम्हारी हँसी की खनक से, बुनी हुई एक चादर है,
कभी धूप, कभी छाँव, कभी अनकही सी ख़ामोशी,
हर मोड़ पर तुम्हारा साथ, एक शांत समंदर है।
तुम्हारी आँखों के कोनों में, जो ये वक़्त की लकीरें हैं,
ये उम्र का हिसाब नहीं, मेरे इश्क़ की तहरीरें हैं,
खदानों से निकला वो हीरा, आज भी उतना ही रोशन है,
जिसने मेरी और इस परिवार की, हर साँस को निखारा है।
जन्मदिन की ये महक, यूँ ही तुम्हारे आँगन में रहे,
मेरा हाथ तुम्हारे हाथ में, हर जन्म के बंधन में रहे।
-कपिल देव जुल्का
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X