न यह धर्मों की सीमा में, न जाति-वर्ग में बँटती है,
मानवता वह पुण्य-ज्योति है, जो तम में भी जलती है।
न स्वर्ण-मुकुट, न राजसिंहासन, न वैभव की अभिलाषा,
परपीड़ा में द्रवित हृदय ही, मानवता की परिभाषा।
जहाँ अश्रु को नेत्र मिले हों, जहाँ वेदना को वाणी,
जहाँ अपरिचित के दुःख पर भी, आँख बने जलधार सुहानी।
जहाँ पराए घाव देखकर, अपना हृदय सिसकता हो,
वहीं मनुजता का पावनतम, पुष्प धरा पर खिलता हो।
मत पूछो किस कुल का है वह, किस मजहब का वासी है,
रक्त सभी का एक रंग है, पीड़ा सबकी साझी है।
मंदिर-मस्जिद, गिरिजाघर से, ऊँचा कर्म-विधान रहे,
मनुज-हृदय के सिंहासन पर, केवल प्रेम विराजे रहे।
यह कैसी उन्नति, कैसा गौरव, कैसा ज्ञान-विज्ञान हुआ?
जब मानव के ही हाथों से, मानव लहूलुहान हुआ।
गगन चूमते महल खड़े हैं, धरती पर संताप अपार,
एक तरफ उत्सव के दीपक, दूजी ओर अँधियार।
कब तक धन की अंधी दौड़ें, संबंधों को खाएँगी?
कब तक स्वार्थ-सिद्धि की ज्वालाएँ, बस्तियाँ जलाएँगी?
कब जागेगा सुप्त विवेक यह, कब जागेगा अंतर्मन?
कब समझेगा मानव आखिर, मानव ही है उसका धन!
उठो! पुनः संकल्प करो तुम, नवयुग का निर्माण करो,
घृणा-द्वेष के विष-वृक्षों का, जड़ से ही संहार करो।
करुणा को संबल बनाओ, सेवा को अभियान करो,
अपने छोटे-छोटे कर्मों से, जग का नवोत्थान करो।
भूखे अधरों को अन्न मिले, निर्बल को सम्मान मिले,
श्रम के तपते हुए हाथों को, श्रम का उचित प्रतिदान मिले।
नारी को निर्भय पथ मिले, बालक को मुस्कान मिले,
हर प्राणी को जीने का, समुचित अधिकार मिले।
नदियों में फिर नीर बहे और वन में फिर हरियाली हो,
वसुधा के प्रत्येक अंचल पर, सुख-शांति की लाली हो।
विज्ञान बने वरदान जगत का, ज्ञान बने सद्भावना,
शक्ति बने संरक्षण का स्वर, विजय बने मानवता।
याद रखो, इतिहास तुम्हारे, वैभव का गान नहीं करता,
केवल ऊँचे शिखरों से ही, मानव महान नहीं बनता।
जिसने गिरते को थाम लिया, जिसने भूखे को भोजन दिया,
उसने ही इस मृतप्राय जग में, जीवन का स्पंदन भर दिया।
मनुष्य! तेरा धर्म यही है— मानवता का मान रखे,
अपने भीतर प्रेम जगाकर, सबके हित का ध्यान रखे।
तेरी पहचान न धन-दौलत, न पदवी, न अभिमान बने,
तेरे जाने के बाद धरा पर, तेरा कर्म निशान बने।
जब अंतिम साँसें गिनी जाएँ, जब जीवन की साँझ ढले,
तब तेरे सत्कर्मों के दीपक, युग-युग तक अविराम जलें।
मिट्टी का तन मिट्टी होगा, वैभव सब निष्प्राण होगा,
मानवता के हित जो जीया, वही मनुष्य महान होगा!
न बनो तुम केवल मानव, मानवता का रूप बनो,
सूनी आँखों के स्वप्न बनो, अधरों की मुस्कान बनो।
जब तक जग में एक हृदय भी, पीड़ा से व्याकुल होगा,
तब तक मानव होने का यह, दायित्व अधूरा होगा।
क्योंकि मनुष्य होना जन्म है, मानव होना साधना;
और मानवता के लिए जीना— जीवन की आराधना!
—सौरभ त्रिपाठी
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X