मैं क्या बनकर जन्म लूँ?
एक अजन्मी बच्ची के मन की आवाज़
माँ, मैं कहाँ हूँ?
सुना है दुनिया बड़ी हसीन है,
हर रास्ते पर एक मंज़िल है,
हर सुबह में नई उम्मीद है।
पर माँ, क्या सच में ऐसा है?
या सपनों पर पहरा लगा है?
सुना है बेटियों के हिस्से में
प्यार के नाम पर एक पिंजरा है।
मुझे खुला आसमान चाहिए,
अपने सपनों की उड़ान चाहिए।
मुझे पढ़ना है, आगे बढ़ना है,
बस जीने का सम्मान चाहिए
क्या आज़ादी पाने के लिए
मुझे बेटा बनना होगा?
क्या अपने सपनों की खातिर
अपना अस्तित्व बदलना होगा?
पर माँ, बेटा होना भी आसान नहीं,
उसके हिस्से भी कोई आसमान नहीं।
हर किसी से उम्मीदों का बोझ,
पर उसकी थकान की पहचान नहीं।
न लड़की बनकर डरना है,
न लड़का बनकर पत्थर होना है।
न पहचान के कारण ठुकराया जाना,
न अपने होने पर शर्मिंदा होना है।
माँ, मैं बस इंसान बनना चाहती हूँ,
जहाँ सपनों का कोई लिंग न हो,
जहाँ इज़्ज़त जन्म से नहीं,
कर्म और दिल से मिलती हो।
अगर ऐसी दुनिया कहीं है,
तो वहीं मुझे जन्म देना।
मैं बस जीना चाहती हूँ माँ,
बिना किसी पहचान की कैद में,
अपने हिस्से का आसमान लेकर।
~हिमांशी
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X