मेरी बुआ हर सावन में, बिन बुलाये आ जाती है।
जाते ही उनके ,घर में कुछ अजब कहानी बन जाती है।
राखी लेकर आई थी वो, मन में ढेरों उमंग लिये,
सोच रही, हँसूगी खुलकर, बचपन की यादों को संग लिये।
अब न आंगन वैसा, न वैसी घर की रौनक थी,
माँ की मीठी डाँट न थी, न बाबुल की झलक अनोखी थी।
भैया अपने रिश्तों में व्यस्त हुए, सब रिश्ते जैसे दूर हुए,
अपने ही घर की चौखट पर, एक बेटी के पग मजबूर हुए।
जिस आंगन में खेली-कूदी, आज वहीं परायी थी,
अपनों के बीच खड़ी होकर भी, मन में फिर भी तन्हाई थी।
माँ को फिक्र थी खिलते फूलों की, पर नानी का पद भूल गई
गई अकेली बाबुल के घर, माँ भी ये बात भूल गई।
राखी बाँधी, तिलक लगाया, आँखों में कुछ नीर भरे,
हँसते-हँसते मन ही मन में, कितने सपने चूर हुए।
बोली कुछ भी नहीं किसी से, दर्द सभी मुस्कान में था,
मायके आकर भी एक बहिना का मन ,जैसे वीरान में था।
रिश्तों की डोरी मत तोड़ो, मेरा यही उपहार रहे,
हर रक्षाबंधन पर, हर बहना का मायका खुशहाल रहे।
राखी केवल उत्सव नहीं, विश्वास का मान है,
बहन के स्नेह और भाई के सम्मान का गान है।
जब तक हर धड़कन में अपनापन बना रहेगा,
तब तक यह पावन बंधन अमर रहेगा।
-प्रदीप बाबू
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X