रहस्यों से घिरा हुआ
यह बहुरूपिया संसार है,
मन रावण है,
तन में अब भी राम का श्रृंगार है।
दुर्गुण की अमावस में
दीप कोई न जल पाता,
संवेदना की वीणा अब
मौन से डर जाती है।
कहीं विचारों की अंधड़,
कहीं विकृति का वार है,
नहीं दिखे उपचार,
बस विस्तार ही विस्तार है।
बुराई की बेल लिपटी,
हर मन की चौखट से,
रामत्व की छाया अब,
सहमी सी अंगार है।
प्रशासन की पीड़ा में,
न्याय बहुत संकोच करे,
धनबल की भाषा बोले,
जनमन मौन सन्देश धरे।
शोषण की इस जलधारा में,
हाहाकार समाया है,
मानवता की आँखों से,
फिर रक्त अश्रु बह आया है।
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X