क्या बताएं, एक ज़माना वो भी था,
न ट्रैफिक का झंझट, न लालबत्ती थी।
न पेट्रोल की चिंता, न लाइसेंस का डर,
वाह रे मेरी प्यारी बाइसिकल!
न हेलमेट की टेंशन, न चालान का भय,
न पुलिस वाले पूछें कि किधर से आए भई!
जहाँ मन किया, वहीं मोड़ लिया,
कभी घंटी बजाई, कभी पैडल छोड़ दिया।
आज गाड़ी लेकर सड़क पर निकला,
तो लगा जैसे कोई इम्तिहान देने निकला।
आगे ट्रैक्टर, पीछे बस की कतार,
बीच में फँसा मैं, जैसे सैंडविच तैयार!
लालबत्ती बोली, "अभी तीस सेकंड रुकना",
मन बोला, "भाई, अब कितना और झुकना?"
पीछे वाला हॉर्न बजाकर ज्ञान दे रहा,
आगे वाला मोबाइल पर ध्यान दे रहा।
मन ने कहा, "उतरकर पैदल ही चल",
दिल बोला, "इतना भी मत मचल!"
खड़े-खड़े कमर में दर्द होने लगा,
पेट्रोल का मीटर भी मुँह चिढ़ाने लगा।
वो दिन भी कितने निराले थे,
जेब में पैसे कम, मगर हौसले मतवाले थे।
प्यास लगी तो कुएँ का पानी पी लिया,
पंचर हुआ तो साइकिल कंधे पर धर लिया!
न एसी की चाह, न म्यूजिक का शोर,
हवा से बातें करते थे चारों ओर।
कभी चेन उतरती, कभी पैडल फँस जाता,
फिर भी साइकिल वाला मुस्कुराता जाता।
आज गाड़ी है, पर मन परेशान है,
हर चौराहे पर नया इम्तिहान है।
जाना है जल्दी, मगर रास्ता जाम है,
हाय रे सिग्नल! तुझसे ही मेरा सुबह-शाम है!
अब मन करता है फिर वही दिन लौट आएँ,
पुरानी साइकिल को आँगन से उठाएँ।
न पेट्रोल का खर्चा, न ट्रैफिक का रोना,
बस पैडल मारें और दुनिया को खोना!
वाह रे मेरी प्यारी बाइसिकल,
तू ही थी असली लाइफ की मोटर!
-भुनेश्वर अनंत
- हम उम्मीद करते हैं कि यह पाठक की स्वरचित रचना है। अपनी रचना भेजने के लिए यहां क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X